मिताली राज ने ट्रॉफी को गले से चिपकाया, हरमनप्रीत का अनोखा सेलिब्रेशन; VIDEO में बाहर आईं भावनाएं
भारतीय टीम साउथ अफ्रीका को हराकर महिला वर्ल्ड कप 2025 की चैंपियन बन गई है। टीम ने अपने अच्छे खेल, हौसले और दमदार इरादों के दम पर यह बड़ा मुकाम हासिल किया है।

महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को पटखनी देकर जीत लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और उनके आगे साउथ अफ्रीका की एक ना चली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रनों का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 246 रनों पर ही सिमट गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया।
हरमनप्रीत कौर ने इस अंदाज में मनाया जश्न
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया और पहली बार महिला वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। भारतीय कप्तान को आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ट्रॉफी सौंपते हैं। इसके बाद वह टीम के पास ट्रॉफी सेलिब्रेट करने के लिए जाती हैं। वह ट्रॉफी टीम को देने के लिए हाथ हाथ आगे बढ़ाती हैं, लेकिन ट्रॉफी उन्हें देती नहीं है। फिर वह कई बार ऐसा करती हैं। अंत में वह बीच में ट्रॉफी उठाकर जीत का जश्न मनाती हैं। हरमन की इस हरकत पर शेफाली वर्मा बहुत ही खुश नजर आती हैं। बाद में पूरी टीम जश्न में डूबी हुई नजर आती है।
मिताली राज ने ट्रॉफी को गले से लगाया
भारतीय महिला टीम की पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज की कप्तानी में भारत ने दो बार वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन एक बार इंग्लैंड ने और एक बार ऑस्ट्रेलिया ने उसका खिताब का सपना तोड़ दिया है। इसके बाद जब आज भारतीय महिला टीम ने खिताब जीता, तो वह बहुत ही भावुक नजर आईं। इसी वजह से जैसे ही भारतीय टीम की प्लेयर्स ने उन्हें महिला वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी सौंपी। मिताली ने तुरंत उसे गले से लगा लिया। जेमिमा रोड्रिगेज और हरलीन देओल सहित प्लेयर्स इस दौरान ताली बजाती हुई नजर आईं। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने जिताया मैच
फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में कुल 87 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं दीप्ति शर्मा के बल्ले से 58 रनों की पारी खेली। इन दोनों प्लेयर्स की वजह से ही टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। बाद में इन दोनों प्लेयर्स ने अच्छी गेंदबाजी का भी नमूना पेश किया और विरोधी टीम के बैटिंग ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। दीप्ति ने जहां पांच विकेट हासिल किए। वहीं शेफाली के खाते में दो विकेट गए।
यह भी पढ़ें:
भारतीय महिला टीम के चैंपियन बनने पर सचिन से लेकर विराट तक हुए खुश, दिग्गजों ने खास अंदाज में दी बधाई
टीम इंडिया बनी वर्ल्ड चैंपियन, पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब किया अपने नाम