भारत और अफगानिस्तान के बीच में दिल्ली में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को टीम इंडिया एकतरफा 7 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेने में कामयाब हो गई है। इस मैच में हार के साथ अफगानिस्तान की टीम ने भले ही सीरीज को गंवा दिया है लेकिन उनके पूर्व कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नबी अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करवाने में जरूर कामयाब हो गए, जिसमें नबी अफगानिस्तान के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो टी20 इंटरनेशनल में 2500 या उससे अधिक रन बनाने के साथ 100 से अधिक विकेट हासिल करने में कामयाब हुए हैं। वहीं वर्ल्ड क्रिकेट में देखा जाए तो मोहम्मद नबी यह डबल कारनामा करने वाले टी20 इंटरनेशनल में अभी तक के सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं।
नबी ने 153वें T20I मैच में पूरा किया यह डबल कारनामा
मोहम्मद नबी की गिनती वर्ल्ड क्रिकेट में टी20 फॉर्मेट के बेहतरीन स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है, जिसमें T20I में वह अफगानिस्तान टीम की कप्तानी की भी जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं। मोहम्मद नबी जब भारतीय टीम के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरे टी20 मैच में बल्लेबाजी करने उतरे तो यह उनके T20I करियर का 153वां मैच था और वह 20 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सके। इस दौरान जब उन्होंने 19वां रन पूरा किया तो वह T20I में अपने 2500 रनों का आंकड़ा पूरा करने में कामयाब हो गए। मोहम्मद नबी T20I में अब तक 2501 रन बनाने के साथ 111 विकेट हासिल कर चुके हैं।
T20I में 2500 या उससे अधिक रन और 100 प्लस विकेट लेने वाले खिलाड़ी
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - 2551 रन और 149 विकेट
- सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) - 3244 रन और 114 विकेट
- वीरनदीप सिंह (मलेशिया) - 3402 रन और 126 विकेट
- मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) - 2501 रन और 111 विकेट
नबी और मुजीब बने स्पेशल क्लब का हिस्सा
दिल्ली में खेले गए दूसरे टी20 मैच में अफगानिस्तान की तरफ से शुरुआती दो ओवर्स स्पिन गेंदबाजों ने किए जिसमें मोहम्मद नबी के अलावा दूसरा नाम मुजीब उर रहमान का शामिल था। इसी के साथ दोनों ही अब टी20 इंटरनेशनल में छठी ऐसी स्पिन जोड़ी बन गए हैं जिन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाजी की शुरुआत की है। वहीं मोहम्मद नबी इस लिस्ट का हिस्सा दूसरी बार बने हैं, जिसमें साल 2021 में दुबई के मैदान पर खेले गए मैच में भी उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ मैच में शराफुद्दीन अशरफ के साथ मिलकर गेंदबाजी की शुरुआत की थी।
भारतीय टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में दोनों छोर से गेंदबाजी की शुरुआत करने वाले स्पिनर
- ब्रैड हॉज और ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) - मीरपुर, साल 2014
- शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज (बांग्लादेश) - कोलंबो, साल 2018
- मोहम्मद नबी और शराफुद्दीन अशरफ (अफगानिस्तान) - दुबई, साल 2021
- मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - नॉर्थ साउंड, साल 2024
- ब्रायन बेनेट और वेलिंगटन मसाकाद्जा (जिम्बाब्वे) - हरारे, साल 2024
- मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) - दिल्ली, साल 2026
ये भी पढ़ें
नेपाल ने एशियन गेम्स के लिए किया स्क्वॉड का ऐलान, इन 15 खिलाड़ियों को मिली जगह
जसप्रीत बुमराह ने मेडन ओवर फेंक कर रचा इतिहास, तोड़ा जिम्बाब्वे के गेंदबाज का रिकॉर्ड
Latest Cricket News