नेपाल ने एशियन गेम्स के लिए अपने 15 खिलाड़ियों के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपनी टीम में ऑलराउंडर कुशल मल्ला को शामिल किया है। इस टूर्नामेंट में टीम की कमान दीपेन्द्र सिंह ऐरी संभालेंगे। यह पहला मौका होगा जब वह किसी बड़े टूर्नामेंट में नेपाल की कप्तानी करेंगे। फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप के बाद उन्हें रोहित पौडेल की जगह टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया था और इससे पहले मई-जून में हुए एशियन गेम्स क्वालीफायर मैचों में भी वही टीम के कप्तान थे। हाल ही में नेपाल ने यूएई को हराकर एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई किया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं खेल पाए थे कुशल मल्ला
कुशल मल्ला इस साल की शुरुआत में हुए टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अप्रैल में वापसी करने के बाद से उन्होंने 130 रन बनाए हैं। उन्होंने चीन के खिलाफ मैच में 85 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वह नेपाल के उन सिर्फ पांच बल्लेबाजों में से एक हैं जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। अपनी वापसी के बाद से उन्होंने अपनी स्पिन गेंदबाजी से 6 विकेट भी झटके हैं। दूसरी तरफ ऑलराउंडर बशीर अहमद को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है, जबकि वह टी20 वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा थे और यूएई के खिलाफ हुई सीरीज में भी खेले थे।
नेपाल की टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं शामिल
एशियन गेम्स के लिए नेपाल की टीम में वनडे कप्तान संदीप लामिछाने, कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख, करण केसी और सोमपाल कामी जैसे कई अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इनके अलावा गुलशन झा और दीपेन्द्र सिंह ऐरी टीम को ऑलराउंडर के तौर पर और मजबूती देंगे। वहीं ऑफ स्पिनर शेर मल्ला भी सेलेक्शन के लिए मौजूद हैं, उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। वह अब तक खेले गए 4 मैचों में 8 विकेट ले चुके हैं।
24 सितंबर को नेपाल की टीम खेलेगी पहला मैच
एशियन गेम्स में मेंस के क्रिकेट मैच 24 सितंबर से जापान के निश्शिन शहर में शुरू होंगे और इसका फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में नेपाल की टीम का सामना 25 सितंबर को अफगानिस्तान से और 26 सितंबर को मेजबान जापान से होगा। अब देखना ये होगा कि ग्रुप स्टेज में नेपाल की टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है।
एशियन गेम्स के लिए नेपाल का स्क्वॉड
दीपेंद्र सिंह ऐरी (कप्तान), कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख, रोहित पौडेल, आरिफ शेख, कुशल मल्ला, सुदीप जोरा, लोकेश बाम, संदीप लामिछाने, गुलशन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, नंदन यादव, ललित राजबंशी, शेर मल्ला
यह भी पढ़ें
जसप्रीत बुमराह ने मेडन ओवर फेंक कर रचा इतिहास, तोड़ा जिम्बाब्वे के गेंदबाज का रिकॉर्ड
संजू सैमसन का T20I में बड़ा करनामा, हजार रन बनाकर रोहित शर्मा वाले खास क्लब में मारी एंट्री