भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन अपने पुराने फॉर्म में वापस लौट आए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में बतौर ओपनर खेलते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। सैमसन ने इस मैच में 22 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनने के बाद सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और वे पिछली 5 पारियों में 30 रन भी नहीं बना पाए थे। हालांकि, इस धमाकेदार पारी के साथ ही उन्होंने अपनी शानदार वापसी के संकेत दे दिए हैं। दूसरे टी20 में अर्धशतकीय पारी खेलकर उन्होंने रोहित शर्मा के एक खास क्लब में अपनी जगह बना ली है।
संजू सैमसन ने ओपनर के तौर पर पूरे किए हजार रन
संजू सैमसन ने टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए बतौर ओपनर बल्लेबाजी करते हुए एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने ओपनर के तौर पर 1000 से ज्यादा रन पूरे कर लिए हैं और इस मामले में भारत के टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। इस लिस्ट में सबसे आगे पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने ओपनिंग करते हुए सबसे ज्यादा 3750 रन बनाए हैं। उनके बाद केएल राहुल (1826 रन), शिखर धवन (1759 रन) और अभिषेक शर्मा (1726 रन) का नंबर आता है। अब 1026 रनों के साथ संजू सैमसन भी भारत के इन दिग्गज सलामी बल्लेबाजों के खास क्लब में शामिल हो चुके हैं।
T20I में भारत के लिए बतौर ओपनर 1000+ रन
- 3750 - रोहित शर्मा
- 1826 - केएल राहुल
- 1759 - शिखर धवन
- 1726 - अभिषेक शर्मा
- 1026 - संजू सैमसन
दूसरे टी20 में भी भारत को मिली एकतरफा जीत
भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरे टी20 मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 160 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 14.5 ओवरों में हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और सीरीज में अजेय बढ़त बना ली। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा (19 गेंदों में 38 रन) ने मिलकर टीम को 88 रनों की मजबूत शुरुआत दी, लेकिन सातवें ओवर में राशिद खान ने इन दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया। इसके बाद ईशान किशन ने नाबाद 38 रन (23 गेंद) और तिलक वर्मा ने नाबाद 15 रन (14 गेंद) बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 11 रन बनाकर आउट हो गए थे। अफगानिस्तान को तरफ से तीनों विकेट राशिद खान ने लिए।
यह भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने ठोकी धमाकेदार सेंचुरी, जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ही मैच में किया कमाल
जसप्रीत बुमराह ने मेडन ओवर फेंक कर रचा इतिहास, तोड़ा जिम्बाब्वे के गेंदबाज का रिकॉर्ड