1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रामनगर में 82 घरों पर बुलडोजर एक्शन, अचानक महिला की तबीयत बिगड़ी; प्रशासन मुस्तैद

रामनगर में 82 घरों पर बुलडोजर एक्शन, अचानक महिला की तबीयत बिगड़ी; प्रशासन मुस्तैद

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 31, 2026 12:52 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 12:52 pm IST

रामनगर में अवैध रूप से बने 82 घरों को हटाने का काम शुरू हो गया है। यहां प्रशासन की सख्त मौजूदगी के बीच घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।

अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर।- India TV Hindi
अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तराखंड के रामनगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच एक परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि घर बचाने की चिंता में 45 वर्षीय महिला फातमा की तबीयत बिगड़ गई। महिला को हार्ट अटैक आने की सूचना है। आनन-फानन में उन्हें रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

दरअसल, अपर कोसी क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन और वन विभाग ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर अभियान चलाया। कार्रवाई की जद में करीब 82 मकान आ रहे हैं। अपने आशियाने को उजड़ता देख प्रभावित परिवारों में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं और बच्चों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया। इसी दौरान फातमा की तबीयत बिगड़ गई। 

अचानक तबीयत खराब हुई

उनके बेटे शादाब के मुताबिक, परिवार देर रात से ही घर का सामान समेटने में जुटा था। सुबह कार्रवाई के बीच कथित तौर पर उनकी मां को दिल का दौरा पड़ गया। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में पहले चरण में करीब 51 परिवारों को हटाया गया था। अब दूसरे चरण में 82 मकानों पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, कुछ परिवारों के मामले न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते उन्हें फिलहाल कार्रवाई से अलग रखा गया है।

अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

रामनगर के ग्राम पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब तीन किलोमीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन की ओर से ग्राम पूछड़ी में चिह्नित 82 घरों से अतिक्रमण हटाया जाना है। कार्रवाई को लेकर संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर जुट गई हैं। 

प्रशासन की मौजूदगी के बीच एक्शन

शनिवार सुबह करीब पांच बजे से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर मशीनों की व्यवस्था की है। मौके पर 30 से अधिक जेसीबी के साथ कई पोकलैंड मशीनों को तैनात किया गया है। इन मशीनों की मदद से चिह्नित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रतिबंधित दायरे में अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की तैयारी के बीच पूछड़ी क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर हलचल बनी हुई है। अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। (इनपुट- भूपेंद्र रावत, नाहिद खान)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की मेगा रैली, इन रास्तों पर जाने से बचें; जानें कहां होगा ट्रैफिक डायवर्जन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।