1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर एक्शन, सड़क पर लेटे अधिवक्ता; कई थानों की फोर्स तैनात

लखनऊ कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर एक्शन, सड़क पर लेटे अधिवक्ता; कई थानों की फोर्स तैनात

 Reported By: Vishal Singh,  Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 25, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 01:36 pm IST

अदालत के आदेश के बाद लखनऊ कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर की कार्रवाई हो रही है। मौके पर भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। वकील इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।

 वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर एक्शन- India TV Hindi
वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर एक्शन Image Source : REPORTER

यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार को बुलडोजर एक्शन हो रहा है। लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल और जिला कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के बुलडोजर अवैध चेंबर्स को ध्वस्त कर रहे हैं। चेंबर्स तोड़ने का विरोध करते हुए कई वकील सड़कों पर लेट गए। कार्रवाई के मद्देनजर कचहरी के आसपास भारी पुलिस तैनात है।

मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात

पुलिस ने बताया कि पीएसी के साथ कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। एडीसीपी, एसीपी समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद हैं। कोर्ट के आदेश पर नगर निगम ये कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम ने 211 चैंबरों को गिराने के लिए चिह्नित किया था।

हाई कोर्ट ने नहीं मिली थी राहत

इससे पहले वकील हाई कोर्ट में नगर निगम के खिलाफ अपील लेकर पहुंचे थे, जिसे खारिज कर दिया गया था। मई से अगस्त के बीच दो बार में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके हैं। इसके पहले नोटिस के खिलाफ आईं 14 आपत्तियों पर समाधान भी दे दिया गया है। प्रस्तावित अभियान 11 अक्तूबर को होना था लेकिन आपत्तियों के निपटारे और कोर्ट में अपील लंबित होने के कारण इसे टाल दिया गया था।

यहां देखें वीडियो

अवैध चैंबर खाली करने का दिया गया था आदेश

नगर निगम ने वकीलों को नोटिस जारी कर 30 अगस्त तक अवैध चैंबर खाली करने को कहा था। इनमें से कई ढांचे नालों के ऊपर बनाए गए हैं। ये चैंबर और अन्य ढांचे लखनऊ जिला अदालत परिसर के पास सार्वजनिक रास्तों और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर बनाए गए हैं। चैंबरों पर लाल रंग से क्रॉस के निशान लगाए गए हैं। खबरों के अनुसार, निशान लगाए जाने के बाद वकीलों ने चैंबर खाली कर दिए थे। हाई कोर्ट ने नोटिस जारी करने और अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था।

यहां देखें वीडियो

17 मई को की गई कार्रवाई का वकीलों ने किया था विरोध

17 मई को नगर निगम ने पुलिस और PAC जवानों के साथ मिलकर अवैध चैंबरों को गिराने की कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई का कड़ा विरोध हुआ था। आरोप है कि वकीलों ने हंगामा किया था और कथित तौर पर पथराव भी किया, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। तीन वकील और एक कांस्टेबल घायल हो गए थे। इसी महीने मेरठ में निर्माणाधीन मंदिर गिराने पहुंचे बुलडोजर के सामने बैठकर महिलाएं भजन गाने लगी थी। बड़ी संख्या में लोगों ने एक कार्रवाई का विरोध किया था।

ये भी पढ़ेंः जिस जज ने 6 महीने में 23 दोषियों को सुनाई मौत की सजा, उनका अब फैमिली कोर्ट में कर दिया गया तबादला

''ब्राह्मण राह दिखाएंगे, केवट पार लगाएंगे'', लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।