1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की मेगा रैली, इन रास्तों पर जाने से बचें; जानें कहां होगा ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की मेगा रैली, इन रास्तों पर जाने से बचें; जानें कहां होगा ट्रैफिक डायवर्जन

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 31, 2026 12:12 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 12:12 pm IST

INDI गठबंधन की मेगा रैली को देखते हुए दिल्ली में कई रास्तों पर जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलने की अपील की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी।- India TV Hindi
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को INDI गठबंधन की रैली होने वाली है। ऐसे में रैली को देखते हुए दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए मध्य दिल्ली के प्रमुख चौराहों और पॉइंट्स पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। इनमें नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-पॉइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक शामिल हैं।

इन इलाकों में लग सकता है ट्रैफिक जाम

यात्रियों को बहादुर शाह जफर मार्ग (आईटीओ और दिल्ली गेट के बीच), जवाहरलाल नेहरू मार्ग (राजघाट और अजमेरी गेट के बीच), अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, देश बंधु गुप्ता रोड और बाराखंभा रोड के साथ-साथ कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने, यात्रियों को तय पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने और कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम को रोकने के लिए सेंट्रल रेंज में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रास्ता

लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल के पास आपातकालीन वाहनों के लिए एक अलग रास्ता रखा जाएगा। अस्पताल के सामने रेलवे पार्किंग क्षेत्र, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की पार्किंग और राजघाट पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट-JLN मार्ग, DBG रोड और मिंटो रोड पर बसों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जा सकता है। 

इन रास्तों का करें इस्तेमाल

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। जो लोग DBG रोड की तरफ से स्टेशन आ रहे हैं, वे चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री स्टेशन तक पहुंचने के लिए आईटीओ, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

INDI गठबंधन की मेगा रैली

बता दें कि INDI गठबंधन ने 'वोट चोरी' के मुद्दे पर रामलीला मैदान में एक "मेगा रैली" करने की योजना बनाई है। साथ ही, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी। दोपहर के समय मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक एक मार्च निकालने की भी योजना है। (इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

'भारत की एकता को चुनौती देने के कुत्सित प्रयास हो रहे, मिलकर करना होगा सामना', लखनऊ में बोले सीएम योगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।