30 मई 2026 से पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए पाकिस्तान ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए PCB ने 16 सदस्यीय टीम का चयन किया है, जिसमें उन्होंने 3 नए चेहरे को शामिल किया है। इस बीच सेलेक्टर्स ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को इस टीम में जगह नहीं दी है। रिजवान अब टी20 के बाद वनडे टीम से भी बाहर हो गए हैं।
वनडे सीरीज में 3 नए प्लेयर्स को दिया गया मौका
अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास और रोहेल नजीर ये तीन खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए ODI क्रिकेट नहीं खेला है। उन्हें पहली बार पाकिस्तान की वनडे टीम में शामिल किया गया है। शाहीन अफरीदी इस सीरीज में भी पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। वहीं बाबर आजम, नसीम शाह, शादाब खान और सुफियान मुकीम, जो मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई ODI सीरीज का हिस्सा नहीं थे, उन्हें इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
फखर जमान और सैम अयूब भी सीरीज से बाहर
उस्मान खान बीमार होने की वजह से इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए और उनकी गैरमौजूदगी में मुहम्मद गाजी गोरी और रोहेल नजीर को टीम में दो विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया है। फखर जमान और सैम अयूब पर भी चयन के लिए विचार नहीं किया गया, दोनों खिलाड़ी अभी भी चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं और PCB मेडिकल पैनल की देखरेख में दोनों प्लेयर्स रिहैब कर रहे हैं।
इस सीरीज के शेड्यूल की बात करें तो पहला मैच 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं सीरीज का दूसरा मुकाबला 02 जून और तीसरा मुकाबला 04 जून को गद्दाफी स्टेडियम लाहौर में होगा। वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेंस टीम 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचेगी। उनके प्लेयर्स रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले ट्रेनिंग सेशन में भी हिस्सा लेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उप-कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), नसीम शाह, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सुफियान मोकिम
यह भी पढ़ें
गरीबी में आटा गीला... CSK को पहले मिली शर्मनाक हार, अब BCCI ने कप्तान समेत पूरी टीम पर लगाया जुर्माना
जीत के जश्न में डूबी GT को SRH का डर! क्या हैदराबाद करेगा गुजरात को टॉप-2 से बाहर?
Latest Cricket News