Mohammad Shami: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अभी भले ही टीम इंडिया के लिए ना खेल रहे हों, लेकिन वे मैदान पर हैं और लगातार शानदार खेल दिखा रहे हैं। मोहम्मद शमी इस वक्त ऐसा गर्दा उड़ा रहे हैं कि किसी भी टीम के लिए खेल सकते हैं। अब उन्होंने जो कमाल किया है, उसके बाद सेलेक्टर्स को जवाब मिल गया है कि क्या शमी फिट हैं कि नहीं। आने वाली सीरीज में अब चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का काम कुछ मुश्किल जरूर होने जा रहा है।
रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए खेल रहे हैं मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी पिछले काफी वक्त से लगातार फिट हैं। लेकिन बीसीसीआई को इसकी खबर नहीं है। उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पा रही है। हाल ही में जब भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई तो उम्मीद की जा रही थी कि वे उसमें खेलेंगे, लेकिन जब टीम घोषित की गई तो पता चला कि शमी का नाम उसमें है ही नहीं। इसी बीच शमी ने रणजी ट्रॉफी में खेलना शुरू कर दिया और गदर मचाया।
दो मैचों में ही चटका दिए शमी ने 15 विकेट
रणजी ट्रॉफी में बंगाल की ओर से खेलते हुए शमी ने पहले मैच की पहली पारी में 37 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। इसके बाद उसी मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 38 रन देकर 4 विकेट झटक लिए। इसके बाद जब वे दूसरा मैच खेलने के लिए मैदान में उतरे तो उन्होंने पहली पारी में तीन विकेट लिए और दूसरी में 5 विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल कर ली। इस तरह से दो मैचों की 4 पारियों में शमी ने 15 विकेट चटका दिए। ये भले ही रणजी का मैच है, इसके बाद भी शमी ने जो प्रदर्शन किया है, उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
साउथ अफ्रीका सीरीज में हो सकती है शमी की वापसी
शमी की टीम इंडिया में वापसी कब होगी, ये तो नहीं पता, लेकिन इतना जरूर है कि अगले महीने जब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज होगी, उसमें उन्हें मौका दिया जा सकता है। भारत और साउथ अफ्रीक के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 14 नवंबर से होगा, जाहिर है कि जल्द ही इसके लिए बीसीसीआई की ओर से टीम का भी ऐलान किया जाएगा। शमी के प्रदर्शन से ये पक्का है कि सेलेक्टर्स को उनके नाम पर विचार तो करना ही होगा। यानी चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का काम थोड़ा सा मुश्किल होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया T20 मैच बिल्कुल फ्री में ऐसे देखें, नहीं खर्च होगा कोई पैसा
IND vs AUS: पहले T20 में कैसी होगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन, क्या संजू सैमसन और कुलदीप यादव को मिलेगी एंट्री?
Latest Cricket News