1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद शमी ने ऐतिहासिक ईडन गार्डन में गेंद से बरपाया कहर, हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी

मोहम्मद शमी ने ऐतिहासिक ईडन गार्डन में गेंद से बरपाया कहर, हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी

मोहम्मद शमी ने बंगाल T20 लीग 2026 में गेंद से कमाल कर दिया है। शमी ने ईडन गार्डन में खेले गए मुकाबले में हैट्रिक लेने का बड़ा कारनामा कर दिया।

Mohammed Shami - India TV Hindi
Image Source : BENGAL T20 LEAGUE मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, इसके बावजूद उनकी गेंदबाजी की धार में कोई कमी नहीं आई है। शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार कमाल कर रहे हैं। अब उन्होंने बंगाल T20 लीग में अपनी गेंदबाजी से सनसनी मचा दी है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में मोहम्मद शमी ने हैट्रिक लेने का बड़ा कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने बंगाल T20 लीग सीजन 3 के मैच में श्रची राढ़ टाइगर्स के खिलाफ शानदार हैट्रिक ली। सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही मोहम्मद शमी बंगाल T20 लीग 2026 में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस टूर्नामेंट में यह उनका पहला ही मैच था।

आखिरी 3 गेंदों पर किया कमाल

शमी ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर शाहबाज अहमद को आउट किया और फिर पांचवीं गेंद पर रोहित कुमार को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं, छठी और आखिरी गेंद पर दीपांजन मुखर्जी को आउट करके अपनी हैट्रिक पूरी की। शमी ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसके दम पर सिलीगुड़ी ने राढ़ टाइगर्स पर 24 रन से जीत हासिल की। शमी के अलावा करण लाल ने 36 रन देकर 3 बल्लेबाजों का शिकार किया।

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 208 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसमें विशाल भाटी की शानदार 46 गेंदों में 86 रनों की पारी का अहम योगदान रहा। उन्होंने अपनी तूफानी पारी में 6 छक्के और 5 चौके जड़े। आखिर में प्रमोद चंडिला की 16 गेंदों में नाबाद 36 रनों की ताबड़तोड़ पारी ने टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए, श्राची राढ़ टाइगर्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 184 ही बना सकी। शुभम डे सीनियर ने 25 गेंदों में 48 रन जबकि राहुल प्रसाद ने 26 गेंदों में 44 रन की पारी खेली।

लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे शमी

गौरतलब है कि मोहम्मद शमी को टीम इंडिया की ओर से खेले हुए एक साल से भी ज्यादा का समय बीत चुका है। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च 2025 को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। घरेलू क्रिकेट में शमी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं, लेकिन अब तक टीम में वापसी नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें

VIDEO: श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने पर सूर्यकुमार यादव का आया बयान, रोहित शर्मा ने भी दी बधाई

सूर्यकुमार यादव का टीम इंडिया से बाहर होने पर आया पहला रिएक्शन, स्टोरी पोस्ट कर लिखे सिर्फ 11 शब्द

Latest Cricket News