1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया में नहीं छोड़ा वापसी का सपना, वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी दिया बड़ा बयान

मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया में नहीं छोड़ा वापसी का सपना, वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी दिया बड़ा बयान

भारतीय क्रिकेट टीम से पिछले काफी लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का हाल में खत्म हुई दलीप ट्रॉफी में गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसके बाद अब उनका बड़ा बयान सामने आया है।

Mohammed Shami And Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : PTI मोहम्मद शमी और वैभव सूर्यवंशी।

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना आखिरी मुकाबला साल 2025 की शुरुआत में हुई चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल मुकाबले के रूप में खेला था, उसके बाद से वह स्क्वाड में वापसी करने में कामयाब नहीं हो सके। मोहम्मद शमी इसके बाद से लगातार घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए नजर आए हैं, जिसमें उनका शानदार प्रदर्शन भी देखने को मिला। हाल ही में शमी दलीप ट्रॉफी 2026 में ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन की तरफ से खेल रहे थे, जिसमें उन्होंने अपनी टीम को 13 साल के लंबे इंतजार के बाद विजेता बनाने में अहम भूमिका अदा की जिसमें उन्होंने तीन मैचों में खेलते हुए 26.57 के औसत से 7 विकेट हासिल किए। फाइनल मुकाबला जो मोहम्मद शमी के फर्स्ट क्लास क्रिकेट का 100वां मुकाबला भी था उसके खत्म होने के बाद उनका बड़ा बयान भी सामने आया। वहीं शमी ने अपने इस बयान में 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का भी जिक्र किया।

आपकी नजरें हमेशा अगले लेवल पर होनी चाहिए

मोहम्मद शमी ने बीसीसीआई की तरफ से दलीप ट्रॉफी 2026 फाइनल मुकाबले के बाद पोस्ट किए गए वीडियो में कहा कि आप किसी भी लेवल पर खेल रहे हों लेकिन आपकी नजरें हमेशा उससे अगले स्तर पर जाने की होनी चाहिए। अगर आप चाहें तो मोटिवेटेड रहने के कई कारण मिल सकते हैं। इस लेवल पर अगर आप खुद से मोटिवेटेड नहीं हैं, तो आपका नजरिया गलत है। मैं हमेशा यही कहता हूं आप अपनी जर्सी पर लगे बैज के लिए खेलते हैं। जब आप वह निशान देखते हैं, तो क्रिकेट का लेवल मायने नहीं रखता। अगर आप बैज के लिए खेलते हैं, तो वह भूख अपने आप दिखेगी। लड़ने की आपकी इच्छा तभी बढ़ती है जब आप उस गर्व के साथ खेलते हैं। मेरी कोशिश हमेशा सीखते रहने की रहती है और आगे भी सीखते रहना चाहता हूं।

वैभव को मेरी टांग खींचना बहुत पसंद है

वैभव सूर्यवंशी जो पहली बार अपने करियर में दलीप ट्रॉफी में खेल रहे थे, उनको ईस्ट जोन की टीम का उपकप्तान बनाया गया था। शमी ने 15 साल के युवा खिलाड़ी को लेकर अपने दिए बयान में कहा कि उन्हें मेरी टांग खींचना बहुत पसंद है! मैं भी अक्सर उन्हें चिढ़ाते हुए कहता हूं कि उनकी उम्र मेरे क्रिकेट करियर जितनी भी नहीं है। वैभव लगातार मुझसे मजाक-मस्ती करते रहते हैं और यह देखकर अच्छा लगता है। खुलकर बात करना सभी के साथ घुलना-मिलना और अच्छी दोस्ती बनाना उनके भविष्य के लिए बहुत फायदेमंद होगा। मैं हमेशा खिलाड़ियों को टीम में सभी से खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।

यह भी पढ़ें

 

टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में एक और इस्तीफा, फिजियो कमलेश जैन की राहें होंगी जुदा

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहुंची दिल्ली, अफगान लड़ाकों के खिलाफ होगी अग्निपरीक्षा

Latest Cricket News