आईपीएल रिटेंशन से पहले इस खिलाड़ी का टूटा SRH से नाता, LSG में मारी एंट्री
IPL: आईपीएल रिटेंशन से पहले एक और ट्रेड हो गया है। अब एसआरएच के खिलाड़ी को एलएसजी की टीम मिल गई है।
IPL 2026: आईपीएल 2026 की तैयारी शुरू हो चुकी है। अगला सीजन शुरू होने में तो अभी वक्त है, लेकिन रिटेंशन की लिस्ट अब बस कुछ ही देर में आ जाएगी। 15 नवंबर इसके लिए आखिरी तारीख है। इस बीच टीमों के बीच आपसी ट्रेड जरूर हो रहे हैं। वैसे चर्चा तो कई खिलाड़ियों की चल रही है, लेकिन आधिकारिक रूप से शार्दुल ठाकुर का ऐलान किया जा चुका है। अब पता चला है कि एक और खिलाड़ी रिटेंशन से पहले ही ट्रेड हो गया है। हम बात कर रहे हैं मोहम्मद शमी की। जो पिछले सीजन एसआरएच यानी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं। अब शमी का इस टीम से नाता टूट गया है।
अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल खेलेंगे मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी इस वक्त फिर से टीम इंडिया में जाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। वे पिछले दिनों चोटिल हो गए थे। इसके बाद बताया जा रहा है कि वे फिट हैं और उन्होंने अपनी फिटनेस साबित करने के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट भी खेला और उसमें विकेट भी लेने का काम किया। हालांकि अभी उनकी वापसी भारतीय टीम में नहीं हो पाई है। इस बीच उन्हें नई आईपीएल टीम जरूर मिल गई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें एलएसजी यानी लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड कर दिया है। अब अगले सीजन शमी लखनऊ के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
कई टीमों के लिए शमी खेल चुके हैं आईपीएल
मोहम्मद शमी अभी तो एसआरएच के साथ थे, लेकिन इससे पहले वे दिल्ली, गुजरात टाइटंस और किंग्स इलेवन पंजाब के लिए भी खेल चुके हैं। चैंपियंस लीग में वे केकेआर केलिए खेले थे। आईपीएल में अब तक 119 मुकाबले खेल चुके शमी ने 133 विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है। उनका औसत 28.18 का है और वे 8.63 की इकॉनमी से विकेट लेते रहे हैं।
10 करोड़ रुपये में शमी को एसआरएच ने खरीदा था
इस बीच जो खबर मिली है, उसमें कहा जा रहा है कि शमी को किसी खिलाड़ी के साथ ट्रेड नहीं किया गया है। यानी एलएसजी की टीम एसआरएच को कोई खिलाड़ी नहीं देगी। यानी कोई अदला बदली नहीं हुई। ये कैश का ट्रेड है। जितने पैसे शमी को एसआरएच की टीम दे रही थी, उतने ही पैसे एलएसजी की ओर से भी दिए जाएंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 10 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि शमी की बेस प्राइज महज दो करोड़ रुपये थी। अब देखना होगा कि नई टीम के साथ शमी किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: यारी दोस्ती नहीं आई काम, शुभमन गिल ने इस खिलाड़ी को निकाल बाहर किया
IPL 2026: केकेआर ने किया बड़ा ऐलान, ऑक्शन से पहले लिया अब ये अहम फैसला
