1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MS Dhoni: आखिर कब मैदान पर उतरेंगे धोनी? LSG के खिलाफ मैच से पहले चेन्नई के खेमे से आई बड़ी खबर

MS Dhoni: आखिर कब मैदान पर उतरेंगे धोनी? LSG के खिलाफ मैच से पहले चेन्नई के खेमे से आई बड़ी खबर

IPL 2026: महेंद्र सिंह धोनी की वापसी का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन धोनी ने एक भी मैच इस सीजन नहीं खेला है।

MS Dhoni:- India TV Hindi
Image Source : AFP एमएस धोनी

MS Dhoni: IPL 2026 में एक सवाल हर मैच के साथ और बड़ा होता जा रहा है। आखिर धोनी मैदान पर कब लौटेंगे? चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान अब तक पूरे सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेले हैं, लेकिन अब फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खबर है कि धोनी की लखनऊ जाने की टिकट बुक हो चुकी है, जिससे उनकी वापसी की उम्मीदें फिर तेज हो गई हैं।

सीजन शुरू होने से पहले पिंडली की चोट के कारण धोनी को दो हफ्तों के लिए बाहर बताया गया था। हालांकि, अब एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है और पूर्व कप्तान अभी तक मैदान पर नजर नहीं आए हैं। शुरुआत में वह टीम के साथ अवे मैचों में भी नहीं गए, लेकिन बाद में हैदराबाद और मुंबई दौरे पर टीम के साथ दिखाई दिए, जिससे फैंस के बीच उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, अब तक IPL 2026 में खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स के 11 मुकाबलों में धोनी मैच में हिस्सा लेने वाले स्क्वाड के साथ भी नजर नहीं आए। उन्होंने चेन्नई के घरेलू मैच भी मिस किए हैं।

CSK ने दिया बड़ा अपडेट

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, CSK कैंप से जानकारी मिली है कि धोनी लखनऊ जाने के लिए तैयार हैं, जब तक कि वह आखिरी समय पर अपना फैसला न बदल दें। फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि टीम मैनेजमेंट ने बाकी स्क्वॉड के साथ धोनी की भी इंडिगो की कमर्शियल फ्लाइट में टिकट बुक कर दी है। करीब 60 सदस्यीय टीम दल लखनऊ जाएगा और मैनेजमेंट को उम्मीद है कि धोनी भी इस दौरे का हिस्सा होंगे।

फैंस को धोनी के पहले मैच का इंतजार

धोनी ने इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन माना जा रहा है कि CSK के बाकी बचे तीन मुकाबलों में वह कम से कम एक मैच में जरूर मैदान पर उतर सकते हैं। चेन्नई को 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और 21 मई को गुजरात टाइटंस का सामना करना है। IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में इस समय चेन्नई सुपर किंग्स पांचवें स्थान पर है। टीम ने 11 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं और अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। ऐसे में अगर धोनी मैदान पर वापसी करते हैं, तो यह सिर्फ CSK ही नहीं बल्कि करोड़ों फैंस के लिए भी बड़ी खबर होगी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने तोड़ दिया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, उम्र के इस पड़ाव पर रचा इतिहास

WTC Points Table: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में हड़कंप, भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह पछाड़ा

Latest Cricket News