इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 11वां मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में सीएसके टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड ने टॉस जीतने के साथ पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं सभी की नजरें सीएसके की प्लेइंग 11 पर थी, जिसमें ऐसी उम्मीद थी कि एमएस धोनी की वापसी देखने को मिलेगी, लेकिन वह अभी इस मुकाबले के लिए भी पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं। टॉस के समय सीएसके के कप्तान गायकवाड ने धोनी की फिटनेस को लेकर पूछे गए सवाल का भी जवाब दिया।
आईपीएल में 16 साल बाद आरसीबी के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल रहे धोनी
एमएस धोनी की गिनती आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में की जाती है, लेकिन पिछले कुछ सीजन से वह फिटनेस की समस्या से जूझते हुए नजर आए हैं। आईपीएल में 16 साल बाद ऐसा हो रहा है कि एमएस धोनी आरसीबी के खिलाफ हो रहे मुकाबले में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं। इससे पहले साल 2010 के आईपीएल सीजन में धोनी जब चेन्नई सुपर किंग्स टीम की कप्तानी संभाल रहे थे तो उस समय उन्होंने आरसीबी के खिलाफ मुकाबला नहीं खेला था, जिसमें उनकी जगह पर सुरेश रैना ने कप्तानी की जिम्मेदारी उस मैच में संभाली थी। अभी इस सीजन धोनी की मैदान पर कब तक वापसी होगी लेकर भी स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं हैं।
धोनी को अभी धीरे-धीरे कर रहे रिकवर
आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में टॉस के समय जब चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड से एमएस धोनी की फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया की एमएस अभी धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं, कभी-कभी आपको पूरी तरह से फिट होने में थोड़ा समय लगता है। अगर वह खेलने के लिए तैयार होंगे, तो जल्द ही वापसी करेंगे। बता दें कि धोनी काल्फ इंजरी के चलते बाहर चल रहे हैं, जिसमें सीजन शुरू होने से पहले ही सीएसके ने ऐलान कर दिया था कि वह शुरुआती 2 हफ्तों तक मैदान से बाहर रहने वाले हैं। सीएसके की शुरुआत इस आईपीएल सीजन में काफी खराब देखने को मिली है, जिसमें उन्हें अपने शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, ऐसे में अब उनके लिए तीसरा मैच काफी अहम हो गया है।
ये भी पढ़ें
तुषार देशपांडे को लेकर डेल स्टेन ने दिया बड़ा बयान, कहा - इस IPL सीजन में भारतीय सिलेक्टर्स की रहेंगी उनपर नजरें
सनराइजर्स हैदराबाद बनी अनचाही लिस्ट का हिस्सा, IPL इतिहास में सिर्फ चौथी बार हुआ ऐसा
Latest Cricket News