VIDEO: पलक झपकने से पहले एमएस धोनी ने कर दिया काम, बल्लेबाज को भनक तक नहीं लगी
आईपीएल 2025 में सीएसके बनाम आरसीबी मैच में एमएस धोनी ने फिर से अपना जलवा दिखाया। कुछ ही सेकेंड में उन्होंने फिल साल्ट की गिल्लियां बिखेर कर उनकी पारी का खात्मा कर दिया।
एमएस धोनी जब भी मैदान में उतरते हैं तो पूरी दुनिया सांस रोककर मैच देखती है। वैसे तो सब लोग उनकी बल्लेबाजी के दीवाने हैं, लेकिन वे कीपिंग में जो जलवा दिखाते हैं, वो किसी से छिपा नहीं है। आईपीएल 2025 में सीएसके बनाम आरसीबी मैच में भी कुछ ऐसा ही दिखा। पलक झपकने से पहले ही उन्होंने स्टंप कर दिया। यहां तक कि बल्लेबाज को भी नहीं पता चला कि आखिर इतनी जल्दी ये कैसे हो गया। अब इस पूरे कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
फिल साल्ट ने आरसीबी को दी तूफानी शुरुआत
आईपीएल में सीएसके यानी चेन्नई सुपरकिंग्स और आरसीबी के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और फिल साल्ट ने आक्रामक शुरुआत दी। विराट कोहली तो तब भी संभलकर खेल रहे थे, लेकिन फिल साल्ट ने तबाही सी मचा दी थी। एक वक्त टीम का स्कोर तेजी से भाग रहा था, तभी एमएस धोनी ने होशियारी दिखाई और फिल साल्ट को स्टंप कर दिया।
आरसीबी के खिलाफ फिर दिखा एसएस धोनी का जलवा
मैच के पांचवें ओवर में आरसीबी की टीम 45 रन बना चुकी थी। तभी कप्तान रुतुराज गायकवाड ने नूर अहमद को गेंदबाजी के लिए लगाया। इस ओवर की आखिरी बॉल पर फिल साल्ट बड़े स्ट्रोक के लिए गए, लेकिन वे गेंद को मिस कर गए। इसके बाद बॉल सीधी धोनी के हाथों में गई। इसी बीच फिल साल्ट का पैर थोड़ा हवा में उठा और धोनी ने कुछ ही सेकेंड में गिल्लयां बिखेर दीं। अंपायर को भी पता नहीं चला कि ये आउट है या फिर नॉट आउट। लेकिन धोनी को पता था कि सीएसके को पहला विकेट मिल चुका है।
जरा सी लापरवाही साल्ट को पड़ी भारी
मैदानी अंपयार ने तीसरे अंपायर की मदद ली, लेकिन सीएसके में जश्न शुरू हो चुका था। दूसरे छोर पर खड़े विराट कोहली ने जब फिल साल्ट से पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें पता नहीं है कि वे आउट हैं या फिर नहीं। तीसरे अंपायर ने जब टीवी रिप्ले देखा तो पता चला कि फिल साल्ट आउट हो चुके हैं। इसके साथ ही सीएसके को पहली सफलता मिल चुकी थी। फिल साल्ट ने केवल 16 बॉल पर 32 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
यह भी पढ़ें
विराट कोहली ने चकनाचूर किया शिखर धवन का रिकॉर्ड, बन गए नंबर एक बल्लेबाज
सीएसके के पूर्व खिलाड़ी ने दी टीम को चेतावनी, कहीं एमएस धोनी पर तो निशाना नहीं!
