भारतीय टीम और आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली आईपीएल 2025 में अपना दूसरा ही मैच खेल रहे हैं। दूसरे मैच में कुछ रन बनाने के साथ ही विराट कोहली ने एक नया कीर्तिमान रच दिया है। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली ने आरसीबी बनाम सीएसके मुकाबले में ये काम किया है। अब वे आईपीएल में सीएसके के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अभी तक शिखर धवन हुआ करते थे। उन्होंने सीएसके के खिलाफ 34 मैच खेलकर 1054 रन बनाने का काम किया था। इस दौरान शिखर धवन ने सीएसके के खिलाफ एक शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं। उनका इस टीम के खिलाफ औसम 44 के करीब का है, वहीं उन्होंने 131 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। लेकिन अब वे दूसरे नंबर पर चले गए हैं।
विराट कोहली की बात की जाए तो आईपीएल में उन्होंने सीएसके खिलाफ अब तक 34 मैच खेलकर 1057 से ज्यादा रन बना लिए हैं। विराट कोहली अभी तक सीएसके के खिलाफ शतक तो नहीं लगा पाए हैं, लेकिन उन्होंने नाबाद 90 रन की पारी जरूर खेली है। उनके नाम इस टीम के खिलाफ 9 अर्धशतक हैं। उन्होंने 37.96 के औसत और 125.35 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस लिस्ट में अगर तीसरे नंबर की बात की जाए तो वहां पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने सीएसके के खिलाफ 35 मैच खेलकर 896 रन बनाए हैं। अगर उनका बल्ला ठीक से चला तो वे भी एक हजार रन तो पूरे कर ही सकते हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स और आरसीबी के बीच ये मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर खेला जा रहा है। आरसीबी की टीम पिछले करीब 17 साल से चेन्नई में इस टीम के खिलाफ कोई मैच नहीं जीती है। साल 2008 में जब पहली बार आईपीएल खेला गया था, तब आरसीबी ने सीएसके को चेन्नई में हराया था, इसके बाद से जीत का इंतजार ही किया जा रहा है। देखना होगा कि क्या ये इंतजार आज खत्म होता है।
यह भी पढ़ें
सीएसके के पूर्व खिलाड़ी ने दी टीम को चेतावनी, कहीं एमएस धोनी पर तो निशाना नहीं!
WTT स्टार कंटेंडर में पायस जैन ने किया बड़ा उलटफेर, चेन्नई में साथियान ज्ञानसेकरन को दी करारी शिकस्त
संपादक की पसंद