A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार्दिक पांड्या को कप्तानी से छुट्टी होगी या नहीं? मुंबई इंडियंस के कोच का आखिरी मुकाबले के बाद आया बड़ा बयान

हार्दिक पांड्या को कप्तानी से छुट्टी होगी या नहीं? मुंबई इंडियंस के कोच का आखिरी मुकाबले के बाद आया बड़ा बयान

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी खराब रहा जिसमें लीग स्टेज में वह 14 में से सिर्फ चार मुकाबले ही जीतने में कामयाब हो सके। ऐसे में अब हार्दिक पांड्या की कप्तानी जाने को सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है।

Hardik Pandya- India TV Hindi
Image Source : AP हार्दिक पांड्या

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लीग स्टेज मुकाबलों का अंत 24 मई को हो गया जिसमें प्लेऑफ के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम अपनी जगह को पक्की करने में कामयाब रही। इस सीजन सबसे ज्यादा नजरें हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर भी टिकी हुई थी, जिसमें मुंबई इंडियंस के स्क्वाड को देखते हुए उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन लीग स्टेज में ऐसा शर्मनाक प्रदर्शन देखने को मिला जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। मुंबई इंडियंस ने अंकतालिका में 8 अंकों के साथ 9वें नंबर पर रहते हुए खत्म किया। वहीं अब हार्दिक पांड्या की कप्तानी जाने को लेकर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हुई हैं, जिसको लेकर आखिरी लीग मुकाबले के बाद मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड का बड़ा बयान सामने आया है।

हार्दिक से जिस तरह की कप्तानी की उम्मीद थी वैसी नहीं रही

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए हार्दिक पांड्या की कप्तानी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि हार्दिक को जिस तरह से खुद को कप्तान के रूप में प्रदर्शन की उम्मीद थी वैसा देखने को नहीं मिला। ये उस अनुसार नहीं रहा जैसा मैनेजमेंट को उम्मीद थी। वहीं ये बात साफ है कि हमने उन्हें बतौर कप्तान हर वह अवसर देने का प्रयास किया जिससे वह सफल हो सके। हालांकि आप 14 मैचों में 10 हार को लेकर सिर्फ एक खिलाड़ी पर इसका पूरा दोष नहीं डाल सकते हैं ये हम सभी के लिए ये एक सीख है। हम सभी कोशिश कर रहे थे, लेकिन चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं।

अब समय सुधार करने का है

आईपीएल 2026 के सीजन में मुंबई इंडियंस का सफर लीग स्टेज से खत्म होने के बाद अब अगले साल होने वाले सीजन से पहले कई बड़े बदलाव होना तय माना जा रहा है, जिसमें कुछ खिलाड़ियों की स्क्वाड से छुट्टी भी हो सकती है। वहीं पोलार्ड ने अपने बयान में आगे कहा कि अब समय सुधार करने का है और हमें इसको लेकर बैठकर चर्चा करनी होगी कि टीम के लिए अगले सीजन को लेकर बेहतर क्या हो सकता है। हालांकि इसको लेकर हम जल्दबाजी नहीं कर सकते हैं जिसमें अभी हम सभी को थोड़ा समय देना चाहते हैं क्योंकि ये फिलहाल भावनात्मक फैसले लेने का समय नहीं है।

ये भी पढ़ें

IPL Playoff Schedule: प्लेऑफ के लिए सभी 4 टीमें हुई तय, नोट कर लीजिए महामुकाबलों की तारीख

वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

Latest Cricket News