1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 24, 2026 09:40 pm IST,  Updated : May 24, 2026 09:40 pm IST

MI vs RR: आईपीएल 2026 के सीजन में वैभव सूर्यवंशी जहां बल्ले से लगातार धमाल मचाते हुए नजर आए तो वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उनका बल्ला तो खामोश रहा लेकिन फील्डिंग में वह एक ऐसा कमाल कर गए जिसके दम पर उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : AP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अभी तक किसी एक खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली है तो वह राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं जो बल्ले से लगातार धमाल मचाए हुए हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 30 रनों से जीत हासिल करने के साथ पक्की कर ली है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सभी को वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि वैभव ने इसके बाद फील्डिंग में एक ऐसा कमाल किया कि उसके दम पर वह एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब हो गए।

आईपीएल में सबसे कम उम्र में कैच पकड़ने वाले फील्डर बने वैभव सूर्यवंशी

राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 के सीजन में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी को अब तक अधिकतर मैचों में उनकी टीम ने एक इम्पैक्ट प्लेयर खिलाड़ी के तौर पर खिलाया है। इसमें उन्हें फील्डिंग करने का मौका सिर्फ कुछ मैचों में मिला। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में शुभम दुबे को इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में बल्लेबाजी के समय खिलाने का फैसला किया जिसमें बाद में उनकी जगह पर रवींद्र जडेजा को शामिल कर लिया। इससे वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में फील्डिंग करने का मौका मिल गया। मुंबई इंडियंस की टीम जब टारगेट का पीछा कर रही थी तो उस समय पारी के चौथे ओवर की दूसरी गेंद जो नांद्रे बर्गर ने फेंकी थी उसपर रेयान रिकल्टन ने मिडविकेट की तरफ फील्डिंग पर लगे वैभव सूर्यवंशी के हाथों में कैच थमा दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने जैसे ही रेयान रिकल्टन का कैच पकड़ा उसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में कैच लेने वाले फील्डर बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड अफगानिस्तान के खिलाड़ी मुजीब उर रहमान के नाम पर था, जिन्होंने साल 2018 के आईपीएल सीजन में आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में 17 साल 16 दिन की उम्र में कैच पकड़ा था। अब वैभव ने 8 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ उसे अपने नाम कर लिया है।

आईपीएल में सबसे कम उम्र में कैच लेने वाले फील्डर

  • वैभव सूर्यवंशी - 15 साल 58 दिन (साल 2026, बनाम मुंबई इंडियंस)
  • मुजीब उर रहमान - 17 साल 16 दिन (साल 2018, बनाम आरसीबी)
  • रियान पराग - 17 साल 163 दिन (साल 2019, बनाम दिल्ली कैपिटल्स)
  • प्रदीप सांगवान - 17 साल 181 दिन (साल 2008, बनाम मुंबई इंडियंस)
  • वाशिंगटन सुंदर - 17 साल 201 दिन (साल 2017, बनाम मुंबई इंडियंस)

क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का अभी भी मौका

आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका राजस्थान रॉयल्स टीम के एलिमिनेटर मुकाबले में पहुंचने के साथ वैभव सूर्यवंशी के पास बना हुआ है। वैभव सूर्यवंशी ने अब तक आईपीएल 2026 में कुल 53 छक्के लगाए हैं तो वहीं एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स आईपीएल में लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर है जिन्होंने साल 2012 के सीजन में 59 छक्के लगाए थे। ऐसे में वैभव यदि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 7 छक्के लगाने में कामयाब होते हैं तो वह इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के साथ नया कीर्तिमान स्थापित कर देंगे। राजस्थान रॉयल्स को अपना एलिमिनेटर मुकाबला 27 मई को मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेलना है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी के आउट होने पर क्यों मचा बवाल, क्या मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अंपायर्स भूल गए नियम?

MI vs RR मैच के आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, नो बॉल डालना शार्दुल को पड़ा महंगा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल