1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुशीर खान शतक के करीब आकर हुए आउट, वेस्ट जोन की टीम अभी भी जीत से दूर

मुशीर खान शतक के करीब आकर हुए आउट, वेस्ट जोन की टीम अभी भी जीत से दूर

दलीप ट्रॉफी के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में मुशीर खान सेंचुरी लगाने से चूक गए। नॉर्थ जोन के खिलाफ दूसरी पारी में वह 96 रन की बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए।

Musheer Khan- India TV Hindi
Image Source : PTI मुशीर खान

दलीप ट्रॉफी 2026 का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक यह मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। अब मुकाबले के चौथे दिन वेस्ट जोन को जीत के लिए 67 रन की जरूरत है। वहीं नॉर्थ जोन को इस मैच को जीतने के लिए 3 विकेट की जरूरत है। वेस्ट जोन की टीम के लिए दूसरी पारी में मुशीर खान ने शानदार पारी खेली। लेकिन वह 4 रन से शतक लगाने से चूक गए।

दूसरी पारी में वेस्ट जोन की शुरुआत रही खराब

नॉर्थ जोन की टीम ने जीत के लिए वेस्ट जोन के सामने 287 रन का टारगेट रखा था। इस टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन की शुरुआत काफी खराब रही। 4 के स्कोर पर हार्विक देसाई आउट हो गए और उसके बाद पृथ्वी शॉ भी 28 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शिवालिक शर्मा ने मुशीर खान के साथ 56 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और मुशीर के बीच 111 रन की साझेदारी हुई। यहां तक उनकी टीम काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी।

गायकवाड़ और मुशीर ने लगाया अर्धशतक

गायकवाड़ और मुशीर खान का विकेट गिरने के बाद वेस्ट जोन की पारी लड़खड़ा गई। कप्तान गायकवाड़ दूसरी पारी में 70 बॉल पर 66 रन बनाकर आउट हुए। कन्हैया वाधवान ने उन्हें रन आउट किया। इसके बाद मुशीर खान शतक के करीब आकर 96 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट निशांत सिंधु ने लिया। टीम के लिए इस वक्त उर्विल पटेल 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि चौथे दिन उनकी टीम 67 रन बनाकर जीत हासिल कर पाती है या नहीं।

आयुष बडोनी ने दोनों पारियों में लगाया अर्धशतक

नॉर्थ जोन की बल्लेबाजी की बात करें तो आयुष बडोनी ने दोनों पारियों में अर्धशतक लगाया। पहली पारी में उन्होंने 51 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में भी उन्होंने 50 रन का योगदान दिया। बाकी के कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए, जिस वजह से दोनों पारियों में उनकी टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। नॉर्थ जोन की टीम पहली पारी में 251 और दूसरी पारी में 222 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बता दें कि ईस्ट जोन की टीम नॉर्थ ईस्ट जोन को हराकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है

यह भी पढ़ें

भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट में आईसीसी सख्त, अब एक और खिलाड़ी को लगाई फटकार

रोहित-विराट के बिना आसान नहीं होगा न्यूजीलैंड दौरा, WTC फाइनल पर राहुल द्रविड़ ने की बड़ी भविष्यवाणी

Latest Cricket News