बांग्लादेश की टीम इस वक्त आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेल रही है। ये मैच बांग्लादेश के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी की है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम जो अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं, उन्होंने इस मैच में अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। वह इस टेस्ट में इतिहास रचने की दहलीज पर हैं।
ऐसा करने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे मुश्फिकुर रहीम
दरअसल दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 4 विकेट के नुकसान पर 292 रन बना लिए हैं। मुश्फिकुर रहीम 99 रन बनाकर नाबाद हैं। वह अगर दूसरे दिन 1 रन बनाकर शतक पूरा करते हैं तो वह 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले दुनिया के 11वें और बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। आपको बता दें कि, रहीम 100 टेस्ट मैच खेलने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी हैं।
टेस्ट में मुशफिकुर रहीम के आंकड़े
टेस्ट फॉर्मेट में मुश्फिकुर रहीम के आंकड़े काफी अच्छे हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 100 टेस्ट मैचों की 183 पारियों में 38.62 के औसत से 6450 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में वह 12 शतक और 28 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 219 रन का रहा है। उन्होंने ये पारी जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी। आयरलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में रहीम कितनी बड़ी पारी खेल पाते हैं ये देखने वाली बात होगी।
दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का हाल
आयरलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में पहले दिन की खेल की बात करें तो वह बांग्लादेश को इस मैच में अच्छी शुरुआत मिली थी। पहले विकेट के लिए महमूदुल हसन जॉय और शादमान इस्लाम के बीच 52 रन की साझेदारी हुई। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए मोमिनुल हक ने 63 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान नजमुल हसन शान्तो सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। रहीम 99 और लिटन दास 47 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs SA: रवींद्र जडेजा के पास बड़ा कारनामा करने का मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं सिर्फ 5वें भारतीय
BCCI ने शुभमन गिल की चोट पर दिया बड़ा अपडेट, क्या दूसरे टेस्ट में खेल पाएंगे भारतीय कप्तान?
Latest Cricket News