1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका, स्टार तेज गेंदबाज चोटिल होकर जिम्बाब्वे दौरे से हुए बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका, स्टार तेज गेंदबाज चोटिल होकर जिम्बाब्वे दौरे से हुए बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

बांग्लादेश की टीम इस वक्त जिम्बाब्वे दौरे पर है। इस दौरे के बीच तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड 1 मसल टियर और दाहिने घुटने में मेनिस्कल डिजनरेशन हुआ है, इस वजह से वह चार हफ्ते तक मैदान से दूर रहेंगे।

Mustafizur Rahman- India TV Hindi
Image Source : AP मुस्तफिजुर रहमान

जिम्बाब्वे दौरे के बीच बांग्लादेश क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान चोट की वजह से इस पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। मुस्तफिजुर को दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड 1 मसल टियर और दाहिने घुटने में मेनिस्कल डिजनरेशन हुआ है, इस वजह से वह चार हफ्ते तक मैदान से दूर रहेंगे। उनकी जगह तस्कीन अहमद को टीम में शामिल किया गया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में मुस्तफिजुर ने 6 ओर में 19 रन दिए थे। इस मुकाबले में बांग्लादेश को 25 रन से हार का सामना करना पड़ा था। 

चोट की वजह से न्यूजीलैंड सीरीज से भी बाहर रहे थे मुस्तफिजुर रहमान

मुस्तफिजुर रहमान चोट की वजह से दूसरे वनडे मैच में नहीं खेल पाए और उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को मौका मिला। अब मुस्तफिजुर तीसरे और आखिरी वनडे के अलावा जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। इस साल की शुरुआत में जब मुस्तफिजुर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से वापस आए, तब अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले उनके घुटने में चोट लग गई थी। इस चोट की वजह से वह पहले दो वनडे मैच नहीं खेल पाए। हालांकि, तीसरे मैच में उन्होंने वापसी की और शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए।

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बांग्लादेश के फिजियो ने क्या कहा?

बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा कि मुस्तफिजुर रहमान ने पहले वनडे मैच में गेंदबाजी के दौरान अपने दाएं पैर की मांसपेशियों में दर्द की शिकायत की और वह मैदान से बाहर चले गए। हमने 7 जुलाई को उनका स्कैन कराया, जिसकी रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मांसपेशियों में ग्रेड-1 का टियर हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि उनके उसी घुटने में पुरानी मामूली समस्या भी है और हमारा मानना है कि उन्हें ठीक होने में कम से कम चार हफ्ते का समय लगेगा। मुस्तफिजुर अब वापस घर लौटेंगे और अपना रिहैब शुरू करेंगे।

द हंड्रेड के शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं रहमान

इससे यह साफ है कि बांग्लादेशी तेज गेंदबाज का 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में खेल पाना मुश्किल है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने मुस्तफिजुर रहमान को 20 जुलाई से 20 अगस्त तक खेले जाने वाले 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के पूरे सीजन में खेलने की मंजूरी दे दी थी। वह इंग्लैंड के इस बड़े टूर्नामेंट में खेलने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बनने वाले हैं। बता दें कि द हंड्रेड 2026 के ड्राफ्ट में बर्मिंघम फोनिक्स टीम ने उन्हें उनकी बेस प्राइस 1,00,000 पाउंड में खरीदा था।

यह भी पढ़ें

इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को मिली गेंदों के अंतर से तीसरी बड़ी हार, ब्रूक-साल्ट के नाम दर्ज हुआ कीर्तिमान

टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन पर BCCI हुआ सख्त, प्लेयर्स और कोचिंग स्टाफ के परफॉर्मेंस का किया जाएगा रिव्यू

Latest Cricket News