Mustafizur Rahman joins PSL: मुस्तफिजुर रहमान पिछले कुछ दिनों से चर्चा में हैं। मुस्तफिजुर की वजह से 2 क्रिकेट बोर्ड आमने-सामने आ गए हैं। हाल ही में BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज कर दिया। इससे नाराज होकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB ने अपनी टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने से ही इनकार कर दिया। इस विवाद के बीच अब मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।
दरअसल, IPL से बाहर होने के बाद मुस्तफिजुर रहमान ने पाकिस्तान की T20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने अपने आधिकारिक PSL हैंडल के जरिए यह बड़ा ऐलान किया है। PCB ने बताया कि मुस्ताफिजुर रहमान पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के अगले सीजन में खेलते नजर आएंगे, जबकि टूर्नामेंट की खिलाड़ियों की नीलामी अभी तक हुई भी नहीं है। ऐसे में इस ऐलान ने पूरे विवाद को और दिलचस्प बना दिया है।
PSL ने दिया बड़ा अपडेट
PSL ने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट मुस्तफिजुर रहमान को लेकर एक पोस्ट भी शेयर की है। इस पोस्ट में लिखा- बल्लेबाज सावधान हो जाएं... नए सीजन में धमाका होने वाला है। मुस्तफिजुर रहमान PSL 11 में शामिल हो गए हैं! बता दें, PSL ड्राफ्ट 21 जनवरी को होने वाला है और मुस्तफिजुर आठ साल बाद पाकिस्तानी लीग में वापसी करने जा रहे हैं। बांग्लादेश के इस तेज गेंदबाज ने पहले PSL में लाहौर कलंदर्स के लिए खेला था।
बड़ी मीटिंग टली
मुस्तफिजुर रहमान के PSL से जुड़ने के बीच बड़ी खबर यह भी है कि भारत से बांग्लादेश के मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने के मुद्दे पर ICC और BCB के बीच प्रस्तावित ऑनलाइन बैठक भी टल गई है। पहले यह बैठक 6 जनवरी को होनी थी। ICC की कोर टीम भारत में आयोजित होने वाले बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप मैच पर कई विकल्पों पर काम कर रही है, जिनमें मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करना भी शामिल है। हालांकि, टूर्नामेंट शुरू होने में महज एक महीने का समय बचा है, ऐसे में यह फैसला तारीखों में बदलाव, टिकटिंग और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़ी कई जटिलताओं को जन्म दे सकता है।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी, इस खिलाड़ी से नहीं बन रहे रन, बैक टू बैक दो पारियों में फ्लॉप
इस खिलाड़ी ने रच दिया इतिहास, लेकिन नहीं आ रहा टीम इंडिया से बुलावा, ऐसा कारनामा करने वाला अकेला बल्लेबाज
Latest Cricket News