भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज हो गया है। टीम इंडिया ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पहले ही मैच को अपने नाम कर लिया है। इस बीच भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने धमाकेदार शतक लगाया और आखिर तक नाबाद रहकर अपनी टीम को जीत दिला दी। वैसे तो मैच के हीरो श्रेयस अय्यर ही रहे, लेकिन जो काम नमन धीर ने किया, वो अपने आप में ऐतिहासिक है। वे अपना पहला ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे थे, इसी में छा गए।
वनडे डेब्यू के बाद नमन धीर को मिला टी20 इंटरनेशनल में भी पहला मैच खेलने का मौका
नमन धीर ने अब से कुछ ही दिन पहले भारत के लिए वनडे मुकाबला खेलकर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, इसके बाद अब उन्हें टी20 इंटरनेशनल डेब्यू भी मिल गया है। मजे की बात ये है कि जब वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया था, तब इसमें नमन धीर का नाम नहीं थी, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले अचानक वॉशिंगटन सुंदर बाहर गए और नमन धीर की एंट्री हो गई। इससे भी ज्यादा कमाल की बात ये है कि नमन धीर को पहले ही मैच में डेब्यू भी हो गया।
टी20 इंटरनेशनल में तीन बार छक्का खाने के बाद अगली ही बॉल पर चटकाया विकेट
अगर आपने मैच को लाइव देखा होगा तो गौर किया होगा कि जब भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने नमन धीर की बॉल पर छक्का लगाया, अगली ही बॉल पर धीर ने कमबैक करते हुए विकेट भी ले लिया। आपको जानकर शायद ताज्जुब होगा कि टी20 इंटरनेशनल मैचों के इतिहास में ऐसा केवल दूसरी बार हुआ है, जब किसी गेंदबाज ने तीन बार छक्का खाने के बाद अगली ही बॉल पर विकेट लिया हो। इससे पहले ये काम लक्जमबर्ग के शमीक वत्स ने साल 2025 में किया था। तब लक्जमबर्ग और ऑस्ट्रिया के बीच टी20 इंटरनेशनल मैच हो रहा था। उसके बाद अब जाकर ये कारनामा दोहराया गया है। इससे समझा जा सकता है कि ये कितना मुश्किल काम है।
चार ओवर में 31 रन देकर हासिल किए तीन विकेट
मैच के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने नमन धीर से चार ओवर कराए और उन्होंने 31 रन देकर तीन विकेट हासिल करने में कामयाबी हासिल की। इससे पहले वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते रहे हैं, जहां उन्हें गेंदबाजी का मौका कम ही मिलता था और वे बल्लेबाजी में आते रहे हैं, लेकिन अब भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में ही नमन धीर की बल्लेबाजी तो नहीं आई, लेकिन गेंदबाजी में कमाल कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज जरूर करा लिया है।
यह भी पढ़ें
OUT या NOT OUT? ईशान किशन के कैच पर थर्ड अंपायर के फैसले से भड़के WI के खिलाड़ी, VIDEO वायरल
कप्तान श्रेयस अय्यर ने शतक ठोककर बनाया नया रिकॉर्ड, कोहली का बहुत बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त
Latest Cricket News