1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. OUT या NOT OUT? ईशान किशन के कैच पर थर्ड अंपायर के फैसले से भड़के WI के खिलाड़ी, VIDEO वायरल

OUT या NOT OUT? ईशान किशन के कैच पर थर्ड अंपायर के फैसले से भड़के WI के खिलाड़ी, VIDEO वायरल

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 07, 2026 08:32 am IST,  Updated : Oct 07, 2026 08:32 am IST

लखनऊ में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले T20I मुकाबले में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब मैथ्यू फोर्ड के कैच पर तीसरे अंपायर ने ईशान किशन को आउट नहीं दिया।

Ishan Kishan- India TV Hindi
ईशान किशन के कैच पर थर्ड अंपायर के फैसले से भड़के विंडीज खिलाड़ी Image Source : AFP

भारत और वेस्टइंडीज के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले T20I मुकाबले में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब ईशान किशन के कैच को लेकर थर्ड अंपायर को फैसला करना पड़ा। मैथ्यू फोर्ड ने बाउंड्री के पास डाइव लगाकर गेंद को पकड़ लिया था और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को पूरा भरोसा था कि ईशान आउट हो चुके हैं। हालांकि, रिप्ले देखने के बाद थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज को नॉट आउट दे दिया। इस फैसले से वेस्टइंडीज के खिलाड़ी काफी नाराज नजर आए।

यह घटना भारत की पारी के 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर घटी। स्प्रिंगर की गेंद पर ईशान किशन ने बैकफुट से शॉट खेलते हुए गेंद को डीप कवर की दिशा में हवा में भेज दिया। वहां फील्डिंग कर रहे मैथ्यू फोर्ड ने गेंद को पकड़ने के लिए तेजी से दौड़ लगाई और आखिर में डाइव लगाकर गेंद को लपक लिया।

VIDEO जमकर बटोर रहा सुर्खियां

पहली नजर में लगा कि फोर्ड ने शानदार कैच लपका है। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने भी जोरदार अपील की और विकेट मिलने का जश्न मनाने की तैयारी कर ली। कुछ समय के लिए स्कोरकार्ड पर भी ईशान किशन के नाम के आगे कैच आउट दिखाई देने लगा। लेकिन फील्ड अंपायर ने इस मामले में अंतिम फैसला लेने के लिए थर्ड अंपायर की मदद ली।

टीवी रिप्ले में फोर्ड के जमीन पर गिरने के दौरान गेंद पर उनकी पकड़ को लेकर सवाल खड़े हुए। ऐसा दिखाई दे रहा था कि शायद कैच पूरा करते समय गेंद जमीन से लगी है। थर्ड अंपायर ने अलग-अलग एंगल से रिप्ले को कई बार देखा और इसके बाद ईशान किशन को नॉट आउट करार दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

अंपायर के फैसले से नाखुश दिखी वेस्टइंडीज

फैसला आते ही वेस्टइंडीज के खिलाड़ी अपनी नाराजगी जाहिर करते दिखाई दिए। कैरेबियाई टीम का मानना था कि फोर्ड ने कैच साफ तौर पर पकड़ लिया था। हालांकि, अंपायर ने अपने फैसले को बरकरार रखा और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को इसे स्वीकार करना पड़ा। ईशान किशन को मिला यह जीवनदान भारत के लिए बेहद अहम समय पर आया। टीम इंडिया की शुरुआत रन चेज में अच्छी नहीं रही थी और उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम इंडिया को जीत दिला दी।

यह भी पढ़ें:

सूर्यकुमार यादव को क्यों किया गया रणजी टीम से बाहर? MCA के अधिकारी ने बताया असली कारण

कप्तान श्रेयस अय्यर ने शतक ठोककर बनाया नया रिकॉर्ड, कोहली का बहुत बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।