1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 WC फाइनल से पहले दिखा अनोखा नजारा, बेटे को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं इंग्लिश कप्तान

T20 WC फाइनल से पहले दिखा अनोखा नजारा, बेटे को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं इंग्लिश कप्तान

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट अपने एक साल के बेटे थियो को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं। उनका यह भावुक पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ENG vs AUS- India TV Hindi
Image Source : ECB/ICC नेट साइवर-ब्रंट

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले ऐसा भावुक पल देखने को मिला, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट जब अपनी एक साल के बेटे थियो को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान पर पहुंचीं तो स्टेडियम तालियों की गूंज से भर उठा। इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इसे टूर्नामेंट के सबसे यादगार लम्हों में से एक बताया।

बेटे थियो के साथ मैदान में मारी एंट्री

दरअसल, खिताबी मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी बच्चों के साथ मैदान में पहुंचे। इसी दौरान नैट साइवर-ब्रंट अपने बेटे थियो को गोद में लेकर मुस्कुराते हुए मैदान में दाखिल हुईं। राष्ट्रगान के दौरान भी उन्होंने अपने बेटे को अपनी बाहों में ही थामे रखा। मैदान पर मां और बेटे की यह तस्वीर क्रिकेट से कहीं बढ़कर एक बड़ा संदेश देती नजर आई। नैट साइवर-ब्रंट इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर कैथरीन साइवर-ब्रंट की पत्नी हैं। दोनों के बेटे थियो का जन्म मार्च 2025 में हुआ था। फाइनल से पहले बेटे के साथ मैदान पर उनकी मौजूदगी ने इस बड़े मुकाबले को और भी खास बना दिया।

नैट साइवर-ब्रंट के लिए इस वर्ल्ड कप का सफर आसान नहीं रहा। भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से बाहर रहने के बाद उन्होंने T20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी। ग्रुप स्टेज में उन्होंने सिर्फ दो मुकाबले खेले, लेकिन दोनों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 46 और 48 रन बनाए। इसके बाद चोट के कारण उन्हें कुछ समय के लिए टीम से बाहर होना पड़ा। हालांकि, सेमीफाइनल से ठीक पहले उन्हें फिट घोषित कर दिया गया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 47 गेंदों पर शानदार 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और इंग्लैंड को फाइनल में पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई।

नेट साइवर-ब्रंट ने जड़ा शानदार अर्धशतक

फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनक्स  ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। दूसरे ओवर में लूसी हैमिल्टन ने एमी जोन्स को आउट किया, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने विकेटकीपर बेथ मूनी की शानदार स्टंपिंग की मदद से डैनी वायट-हॉज को पवेलियन भेज दिया। दो शुरुआती झटकों के बाद इंग्लैंड की कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम को 150 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। नैट साइवर ने 53 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए।

यह भी पढ़ें:

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप फाइनल में कंगारुओं के आगे फिर पस्त होगी इंग्लिश टीम? 3 बार मिल चुकी है मात

T20 WC कप फाइनल में एलिस पेरी ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान की बराबरी कर बनाया खास रिकॉर्ड

Latest Cricket News