लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरते ही पेरी वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से टॉप पर पहुंच गईं।
वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने हैं। मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतने वाली प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के बराबर पहुंची
इस फाइनल के साथ एलिस पेरी ने वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सातवीं बार खेलने का रिकॉर्ड बना दिया। वह अब इस टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे ज्यादा बार खेलने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हीली की बराबरी पर पहुंच गई हैं। हीली ने भी अपने करियर में सात बार वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला है।
एलिस पेरी का आखिरी वर्ल्ड कप?
पेरी लंबे समय से ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रही हैं और बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी टीम के लिए अहम योगदान देती रही हैं। ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भी फाइनल में शानदार रहा है। टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के तीनों पिछले फाइनल जीते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को इस टूर्नामेंट के फाइनल में अब तक सिर्फ एक बार हार का सामना करना पड़ा है, जब 2016 में वेस्टइंडीज ने उसे मात दी थी। हालांकि, 35 साल की एलिस पेरी के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। उम्र और फिटनेस को देखते हुए माना जा रहा है कि यह उनका आखिरी वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप हो सकता है। ऐसे में लॉर्ड्स का यह फाइनल उनके शानदार इंटरनेशनल करियर के सबसे यादगार मुकाबलों में से एक बन सकता है।
यह भी पढ़ें:
वुमेंस T20 वर्ल्ड कप फाइनल में कंगारुओं के आगे फिर पस्त होगी इंग्लिश टीम? 3 बार मिल चुकी है मात