Nathan Lyon: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एडिलेड में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन बड़ा कारनामा कर दिया। नाथन लायन इंग्लैंड के 2 बल्लेबाजों का शिकार करते ही टेस्ट क्रिकेट में खास मुकाम पर पहुंच गए। लायन ने ग्लेन मैक्ग्रा जैसे दिग्गज गेंदबाज को पछाड़ने का बड़ा कारनामा कर दिखाया।
दरअसल, एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 371 रनों पर सिमट गई। इसके जवाब में इंग्लैंड की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। इंग्लैंड को पहला झटका 37 रन के स्कोर पर लगा। कप्तान पैट कमिस ने सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहली बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद नाथन लायन ने गेंद से कमाल करते हुए अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट लेकर इंग्लैंड के टॉप आर्डर को झकझोर कर रख दिया।
ग्लेन मैक्ग्रा छूटे पीछे
टेस्ट क्रिकेट में अपना 141वां मैच खेल रहे नाथन लायन ने ओवर की तीसरी गेंद पर ओली पोप को अपना पहला शिकार बनाया। पोप सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद लायन ने बेन डकेट को ओवर की आखिरी गेंद पर आउट करते हुए कमाल कर दिया। डकेट 29 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह लायन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में महान गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा को पछाड़ दिया। लायन के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 564 विकेट हो गए हैं जबकि मैक्ग्रा ने 124 टेस्ट मैचों की 243 पारियों में 563 विकेट चटकाए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में नाथन लायन अब सिर्फ महान स्पिनर शेन वॉर्न से पीछे हैं। वॉर्न के नाम 708 टेस्ट विकेट दर्ज हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियन गेंदबाज
- शेन वॉर्न - 708
- नाथन लायन - 564
- ग्लेन मैक्ग्रा - 563
- मिचेल स्टार्क - 420
- डेनिस लिली - 355
मैक्ग्रा को पछाड़ते ही नाथन लायन टेस्ट क्रिकेट में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले महान गेंदबाजों की लिस्ट में लायन अब सिर्फ मुथैया मुरलीधरन, शेन वार्न, जेम्स एंडरसन, अनिल कुंबले और स्टुअर्ट ब्रॉड से पीछे हैं। लायन के पास अब स्टुअर्ट ब्रॉड को पछाड़ने का मौका होगा। हालांकि, इसके लिए उन्हें 41 विकेट और चटकाने होंगे।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
- 800 - मुथैया मुरलीधरन
- 708 - शेन वार्न
- 704 - जेम्स एंडरसन
- 619 - अनिल कुंबले
- 604 - स्टुअर्ट ब्रॉड
- 564* - नाथन लियोन
- 563 - ग्लेन मैक्ग्रा
यह भी पढ़ें:
AUS vs ENG: जोफ्रा आर्चर ने गेंद से बरपाया कहर, 6 साल बाद कर दिया बड़ा कमाल
IND vs SA: 'मैंने तीन बोरी गेहूं बेचकर खरीदा था टिकट'; लखनऊ में मैच रद्द होने पर सामने आया फैंस का गुस्सा
Latest Cricket News