नेपाल ने एसीसी मेंस प्रीमियर कप 2026 के फाइनल में यूएई (UAE) को 44 रनों से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। मलेशिया के बायुमास ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में नेपाल के ओपनर आसिफ शेख ने बेहतरीन शतक जड़ा। इस जीत के साथ कप्तान संदीप लामिछाने की टीम नेपाल ने बांग्लादेश में होने वाले एशिया कप 2027 के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। एशिया कप 2027 बांग्लादेश की मेजबानी में खेला जाएगा।
एशिया कप के लिए क्वालीफाई करने वाली छठी टीम बनी नेपाल
ACC प्रीमियर कप एशिया कप के लिए क्वालिफाइंग टूर्नामेंट होता है। नेपाल इस बार ACC प्रीमियर कप का खिताब जीतकर टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली छठी और आखिरी टीम बन गई है। अब टूर्नामेंट की सभी 6 टीमें तय हो गई हैं। वनडे फॉर्मेट में होने के कारण इस बार सिर्फ 6 टीमें ही खेलेंगी जिसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मेजबान बांग्लादेश को सीधे जगह मिली है, जबकि नेपाल छठी टीम के रूप में शामिल हुआ है।
ACC प्रीमियर कप फाइनल मैच का हाल
प्रीमियर कप फाइनल की बात करें तो नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 313 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। नेपाल की ओर से ओपनर आसिफ शेख ने 102 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली, वहीं गुलशन झा ने भी सिर्फ 38 गेंदों में 52 रन कूटकर यूएई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। इसके बाद 314 रन का पीछा करने उतरी यूएई की पूरी टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ही ढेर हो गई। यूएई की तरफ से राहुल चोपड़ा ने भी शतक लगाया। वह 100 रन बनाकर आउट हुए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके अलावा सोहैब खान ने 52 रन की पारी खेली।
दूसरी बार एशिया कप में खेलेगी नेपाल की टीम
नेपाल की क्रिकेट टीम दूसरी बार एशिया कप खेलने जा रही है। इससे पहले 2023 में टीम ने अपना पहला एशिया कप खेला था, जहां भारत और पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, दो मैच हारकर उनकी टीम बाहर हो गई थी। लेकिन पिछले तीन सालों में नेपाली टीम का खेल और अनुभव काफी बेहतर हुआ है, और अब 2027 के टूर्नामेंट में यह टीम बड़ी टीमों को कांटे की टक्कर देने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नेपाल क्रिकेट टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया था।
यह भी पढ़ें
44 गेंदों में चेज किया 118 रन का टारगेट, इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों ने मचाई तबाही
इंग्लैंड ने घर में पहली बार किया पाकिस्तान का सूपड़ा साफ, WTC पॉइंट्स टेबल में नहीं मिला कोई फायदा
Latest Cricket News