India vs Pakistan T20I: एशिया कप में टीम इंडिया यूएई को हराकर अपने मिशन का आगाज कर चुकी है। पहले ही मैच में जिस तरह का खेल भारतीय टीम ने दिखाया है, वो काबिलेतारीफ है। भारत को पहले से ही एशिया कप का खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना रहा है, टीम ने इसे दिखा भी दिया है। अब इंतजार 14 सितंबर का है, जब भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन क्या इस बार वो कारनामा होगा, जो अब तक इन दोनों टीमों के बीच हुए टी20 इंटरनेशनल मैच में कभी नहीं हुआ, इसका जवाब तो रविवार शाम को ही मिलेगा।
14 सितंबर के बाद 21 को भी हो सकता है भारत और पाकिस्तान के बीच मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच इस बार मुकाबला 14 सितंबर दिन रविवार को तय किया गया है। ये तो लीग मैच होगा, लेकिन इसके बाद संभावना है कि सुपर 4 के मैच में भी इन दोनों टीमों की टक्कर होगी। ये मैच 21 सितंबर को होगा। जब ग्रुप एक की दो टॉप की टीमें आमने सामने होगी। पाकिस्तान की टीम कमजोर भले ही है, लेकिन फिर भी टीम सुपर 4 में तो अपनी जगह बना ही लेगी।
भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मैच में कभी नहीं लगा है शतक
इस बीच देखने वाली बात ये भी होगी कि क्या इस बार जब भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 इंटरनेशनल मैच होगा तो कोई बल्लेबाज शतकीय पारी खेलेगा या फिर चूक जाएगा। क्योंकि इससे पहले जब भी इन दोनों टीमों की टक्कर हुई है, कभी किसी बल्लेबाज ने शतक नहीं लगाया है। यहां हम केवल एशिया कप नहीं, बल्कि सभी टी20 मैचों की बात कर रहे हैं। जब भी दोनों टीमों के बीच आमना सामना हुआ है तो सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली रहे हैं। उन्होंने साल 2022 में मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 82 रनों की पारी खेली थी।
पाकिस्तान के लिए रिजवान ने खेली थी 79 रनों की पारी
बात अगर पाकिस्तान के बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी की करें तो वहां पर मोहम्मद रिजवान का नाम आता है। साल 2021 में जब दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ तो मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 79 रनों की पारी खेली थी। लेकिन मजे की बात ये है कि इस बार ये दोनों बल्लेबाज अपनी अपनी टीम के लिए नहीं खेल रहे हैं। विराट कोहली तो टी20 इंटरनेशनल से रिटायर हो चुके हैं, वहीं मोहम्मद रिजवान की अपनी टीम से छुट्टी को चुकी है। अब देखना ये है कि इस बार जब 14 और 21 सितंबर को टक्कर होगी तो नया हीरो कौन निकलकर सामने आता है।
यह भी पढ़ें
हांगकांग के बल्लेबाज ने मोहम्मद रिजवान को पछाड़ा, अब केवल एक ही खिलाड़ी रह गया आगे
IND vs PAK: मुकाबले से पहले ही फूलने लगी पाकिस्तान की सांसें, इंटरनेशनल बेइज्जती की कर ले तैयारी
Latest Cricket News