A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए स्क्वाड का हुआ ऐलान, पहली बार इस खिलाड़ी को मिली जगह

इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए स्क्वाड का हुआ ऐलान, पहली बार इस खिलाड़ी को मिली जगह

न्यूजीलैंड की टीम को मई महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ एक मैच की टेस्ट सीरीज और फिर जून महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसको लेकर उन्होंने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है।

Tom Latham- India TV Hindi
Image Source : PTI टॉम लेथम

न्यूजीलैंड आगामी इंटरनेशनल क्रिकेट शेड्यूल में अपनी अगली सीरीज आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर खेलनी है। इसमें कीवी टीम सबसे पहले 27 से 30 मई तक आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट के स्टेडियम में एक मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हो जाएगी, जहां उन्हें 4 जून से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लॉर्ड्स के स्टेडियम में खेलना है। इन दोनों सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें कुछ बड़े खिलाड़ियों की वापसी हुई है तो वहीं एक नाम ऐसा है जिसको पहली बार कीवी टेस्ट स्क्वाड में जगह मिली है।

केन विलियमसन के अलावा काइल जैमीसन और विल ओ'रूर्के की हुई वापसी

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड ने टेस्ट सीरीज के लिए जो स्क्वाड का ऐलान किया है, उसमें उनके पूर्व कप्तान केन विलियमसन का नाम भी शामिल है। विलियमसन पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर थे जिसमें उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान तो नहीं किया था, लेकिन ये साफ कर दिया था कि वह हर सीरीज के बाद अपनी उपलब्धता को लेकर विचार करेंगे। बता दें कि केन विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में 10000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 539 रन दूर हैं, ऐसे में वह यदि दोनों टेस्ट सीरीज में खेलते हैं तो उनके पास इतिहास रचने का शानदार मौका रहने वाला है।

इसके अलावा कीवी स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें कई तेज गेंदबाजों को जगह मिली है जिसमें काइल जैमीसन और विल ओ'रूर्के की भी वापसी हुई है। जेमिसन 2 साल के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए दिखेंगे, जबकि विलियम ओ'रूर्के चोट से पूरी तरह उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं। इस टेस्ट सीरीज में कीवी टी अपने दो अहम स्पिन गेंदबाज मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल के बिना खेलते हुए दिखाई देगी। इसमें सैंटनर आईपीएल 2026 में कंधे में लगी चोट के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे तो वहीं ब्रेसवेल ने खुद को रेड बॉल क्रिकेट के लिए उपलब्ध नहीं बताया है।

डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को मिली पहली बार टेस्ट स्क्वाड में जगह

कीवी टेस्ट स्क्वाड में पहली बार बल्लेबाज डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को जगह मिली है, जिन्होंने हाल में ही बांग्लादेश के दौरे पर लिमिटेड ओवर्स सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वह पिछले काफी समय से घरेलू क्रिकेट में भी लगातार अपने बल्ले का कमाल दिखा रहे थे। न्यूजीलैंड को इंग्लैंड दौरे पर पहला टेस्ट मैच जहां 4 जून से खेलना है, तो वहीं दूसरा मुकाबला वह 17 जून से केनिंग्टन ओवल के स्टेडियम में खेलेगी, जबकि उन्हें इस टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 25 जून को ट्रेंटब्रिज के स्टेडियम में खेलना है।

न्यूजीलैंड का आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टेस्ट स्क्वाड

टॉम लेथम (कप्तान), टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), क्रिस्टियन क्लार्क (केवल आयरलैंड टेस्ट), डेवोन कॉन्वे, जैक फोल्क्स, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकल्स, विलियम ओ'रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे (केवल आयरलैंड टेस्ट), रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, केन विलियमसन, विल यंग (केवल आयरलैंड टेस्ट), बेन सियर्स (आयरलैंड टेस्ट और इंग्लैंड टेस्ट के लिए ट्रेवलिंग रिजर्व)।

ये भी पढ़ें

BCCI का बड़ा ऐलान, टीम इंडिया पहली बार इस देश से खेलेगी सीरीज, यहां देखें वेन्यू से लेकर तारीख

VIDEO: कमबैक करने के बाद भी नहीं सुधरे शशांक, क्लासेन का टपकाया लड्डू कैच, पोटिंग ने जमकर लिए मजे

Latest Cricket News