NZ vs SA: T20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताब से चूकने के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अपने घर में साउथ अफ्रीका का सामना कर रही है। हालांकि, कीवी टीम के लिए T20I सीरीज का आगाज उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। साउथ अफ्रीका ने पहले ही मैच में न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर 5 मैचों की T20I सीरीज का शानदार अंदाज में जीत से आगाज किया। अब दोनों टीमें 17 मार्च को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आमने-सामने होंगी। इस अहम मैच से पहले न्यूजीलैंड को तगड़ा झटका लगा है।
दरअसल, न्यूजीलैंड के 2 खिलाड़ी बाहर हो गए हैं। सबसे पहले कीवी स्पिनर ईश सोढ़ी के बाहर होने की खबर आई। इसके कुछ देर बाद खुलासा हुआ कि न्यूजीलैंड बल्लेबाज बेवोन जैकब्स भी बाहर हो गए हैं। ऐसे में दूसरे T20 मुकाबले से पहले कीवी टीम की चिंताएं बढ़ गई हैं।
जैकब्स को घुटने में लगी चोट
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, बल्लेबाज बेवोन जैकब्स पहले T20 मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय अपने बाएं घुटने पर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। स्कैन में उनके घुटने के साइड हिस्से में चोट की पुष्टि हुई है। जैकब्स की वापसी कब होगी, इसे लेकर फिलहाल कुछ साफ नहीं है। उनकी जगह कवर के तौर पर कटेन क्लार्क को हैमिल्टन में टीम के साथ जोड़ा गया है।
ईश सोढ़ी भी सीरीज से बाहर
इससे पहले कीवी टीम को उस समय बड़ा झटका लगा जब लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ट्रेनिंग के दौरान अंगूठा टूटने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए। बे ओवल में गेंदबाजी अभ्यास के दौरान लगी इस चोट के बाद स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके चलते उन्हें कम से कम चार हफ्ते मैदान से दूर रहना पड़ेगा।
पहले मैच में मिली करारी शिकस्त
T20I सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी। उस मैच में कीवी टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई थी और पूरी टीम महज 91 रन पर ऑलआउट हो गई थी। अब न्यूजीलैंड की नजर दूसरे T20I मुकाबले में वापसी करने पर टिकी है। वहीं, साउथ अफ्रीका की नजर जीत के साथ बढ़त को और मजबूत करने पर होगी।
यह भी पढ़ें
युवराज सिंह नहीं तो फिर कौन, छह बॉल पर छह छक्के, सबसे पहले किसने बनाया था इंटरनेशनल क्रिकेट में ये रिकॉर्ड
आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत
Latest Cricket News