1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Champions Trophy 2025: न्यूजीलैंड ने तोड़ा पाकिस्तान का सपना, सेमीफाइनल की 4 में से 2 टीमें हुईं तय

Champions Trophy 2025: न्यूजीलैंड ने तोड़ा पाकिस्तान का सपना, सेमीफाइनल की 4 में से 2 टीमें हुईं तय

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के छठे मुकाबले के नतीजे के साथ ही टूर्नामेंट की 4 में से 2 सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराकर मेजबान पाकिस्तान का सेमीफाइनल में जाने का सपना तोड़ दिया।

ICC Champions Trophy- India TV Hindi
Image Source : AP ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025

ICC Champions Trophy 2025 Semifinalist: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 19 फरवरी को कराची में आगाज हुआ था। इस ICC टूर्नामेंट के शुरू होने के 5 दिन के भीतर ही 4 में से 2 सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। दरअसल, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच ICC टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला गया था। ये मुकाबला न्यूजीलैंड ने 60 रनों से अपने नाम किया था। अब न्यूजीलैंड ने अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, दूसरी तरफ मेजबान पाकिस्तान और बांग्लादेश का सेमीफाइनल में जाने का सपना टूट गया है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश का टूटा सपना

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में न्यूजीलैंड से हारने के बाद पाकिस्तान को 23 फरवरी को दुबई में भारत के खिलाफ भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। ऐसे में पाकिस्तान टीम की अगले राउंड में जाने की उम्मीदें टूट गई हैं। वहीं, न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के साथ ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है। न्यूजीलैंड की बांग्लादेश पर धमाकेदार जीत से भारत को भी बड़ा फायदा हुआ है। टीम इंडिया भी सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारत ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश और फिर दूसरे मैच में पाकिस्तान को मात दी थी। दोनों मैच भारत ने 6-6 विकेट से अपने नाम किए थे। टीम इंडिया और न्यूजीलैंड अब 2 मार्च को अपने तीसरे और आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में एक-दूसरे का सामना करेंगे। इस मैच में दोनों ही टीमों की कोशिश जीत दर्ज करते हुए ग्रुप-ए में टॉप पर फिनिश करने की होगी। 

4 मार्च से खेले जाएंगे सेमीफाइनल मैच

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों का आगाज 4 मार्च से होगा। पहला सेमीफाइनल दुबई में 4 मार्च को खेला जाएगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को लाहौर में होगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ग्रुप-बी से कौन सी 2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब होती हैं और किस टीम का भारत और न्यूजीलैंड से मुकाबला होता है। भारत अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगी। उस हिसाब से भारत अपना सेमीफाइनल मुकाबला भी दुबई में खेलने उतरेगी। अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो फिर टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 9 मार्च को रविवार के दिन दुबई में ही खेला जाएगा। अगर भारत फाइनल में नहीं पहुंच पाता है तो फिर खिताबी मैच लाहौर में खेला जाएगा। 

यह भी पढ़ें:

Champions Trophy 2025: मोहम्मद शमी की बादशाहत पर मंडराया बड़ा खतरा, 2 कीवी गेंदबाजों ने कर दिया ऐसा

रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी खेलेंगे अगला मैच? फिटनेस को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News