जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से पहले न्यूजीलैंड महिला टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की भरोसेमंद बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर कंधे की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गई हैं। प्लिमर को यह चोट T20I सीरीज के दौरान ट्रेनिंग करते वक्त लगी थी, जिसके बाद वह दूसरे और तीसरे T20I मुकाबले में भी नहीं खेल पाई थीं। न्यूजीलैंड ने वह T20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी।
बेला जेम्स को मिला मौका
प्लिमर की जगह युवा बल्लेबाज बेला जेम्स को ODI टीम में बरकरार रखा गया है। जेम्स को तीसरे टी20 से पहले बल्लेबाज़ी कवर के रूप में बुलाया गया था और अब उन्हें आधिकारिक तौर पर ODI स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया है। जेम्स ने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना ODI डेब्यू किया था और उस सीरीज में दो मैच खेले थे। वह पिछले साल ODI वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा थीं, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था।
टीम के हेड कोच बेन सॉयर ने कहा कि जॉर्जिया हमारे टॉप ऑर्डर की अहम खिलाड़ी हैं और टीम में जो एनर्जी लाती हैं, वह हमारे लिए बहुत वेल्यूएबल है। उनका इस सीरीज में न खेल पाना निराशाजनक है। बेला शानदार क्रिकेटर हैं और लगभग 100 लिस्ट-ए मैच खेल चुकी हैं। उनका अनुभव टीम के लिए फायदेमंद रहेगा।
दो अनकैप्ड खिलाड़ियों की एंट्री
न्यूजीलैंड ने ऑफ स्पिनर नेंसी पटेल और विकेटकीपर-बल्लेबाज इजी शार्प को भी ODI स्क्वॉड में शामिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने अभी तक ODI डेब्यू नहीं किया है। नेंसी पटेल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके थे। वहीं इजी शार्प ने दो मुकाबलों में नाबाद 18 और नाबाद 22 रन बनाए। 5 मार्च से शुरू होने वाली तीन ODI मैचों की यह सीरीज 2025-2029 वूमेन्स चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है। अब तक इस चक्र में श्रीलंका, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज अपनी-अपनी मुहिम शुरू कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड ODI स्क्वॉड: अमेलिया केर (कप्तान), इसाबेला गेज (विकेटकीपर), मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, बेला जेम्स, जेस केर, एम्मा मैकलियोड, रोजमेरी मेयर, नेंसी पटेल, मॉली पेनफोल्ड, इजी शार्प (विकेटकीपर)।
यह भी पढ़ें:
'पाकिस्तानी खिलाड़ियो पर जुर्माना कम', अफरीदी की PCB से बड़ी मांग, कहा- सजा सख्त होनी चाहिए
UAE में बढ़ते तनाव का असर, इंग्लैंड लॉयन्स का दौरा रद्द, महिला टीम का ट्रेनिंग कैंप भी टला
Latest Cricket News