मिडिल ईस्ट में अचानक बढ़े सैन्य तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सुरक्षा हालात बिगड़ने के कारण इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने बड़ा फैसला लेते हुए UAE में चल रहा इंग्लैंड लॉयन्स का दौरा रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इंग्लैंड महिला टीम का प्रस्तावित ट्रेनिंग कैंप भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए एयर स्ट्राइक के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी को देखते हुए ECB खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित रूप से अबू धाबी से वापस ब्रिटेन लाने की कोशिशों में जुट गया है।इंग्लैंड लॉयन्स टीम UAE में पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज खेल रही थी। पांच ODI मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रद्द करना पड़ा था। अब शेष तीनों मैचों को भी स्थगित कर दिया गया है।
इंग्लैंड महिला टीम जून-जुलाई में ब्रिटेन में होने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए अबू धाबी में कैंप लगाने वाली थी। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए ECB ने इसे भी रद्द कर दिया है। महिला टीम अक्टूबर में 2025 ODI वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेली है। बोर्ड ने कहा है कि वह विकल्पों पर काम कर रहा है ताकि टीम की तैयारियों पर असर न पड़े।
ECB के आधिकारिक बयान में कहा- इंग्लैंड लॉयन्स दौरे का शेष हिस्सा रद्द कर दिया गया है और हम सभी को जल्द से जल्द सुरक्षित घर वापस लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। गल्फ में अस्थिरता को देखते हुए इंग्लैंड महिला टीम का T20 वर्ल्ड कप कैंप अबू धाबी में आयोजित नहीं किया जाएगा। हमने वैकल्पिक तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है और नई योजना तय होते ही जानकारी साझा करेंगे।
मिडिल ईस्ट में एयरस्पेस बंद होने से हजारों उड़ानें प्रभावित हुई हैं। मेन्स T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के बाद भारत से जिम्बाब्वे टीम की वापसी में भी देरी हुई है। वहीं, वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने भी बताया कि उनकी टीम के खिलाड़ी अंतिम मैच के बाद वहीं रुके रहने को मजबूर हैं। ICC ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। हालांकि, फिलहाल T20 वर्ल्ड कप के समापन पर इसका सीधा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। अगर यह युद्ध लंबा चलता है, तो फिर इंग्लैंड मेन्स टीम को स्वदेश लौटने में देरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें
टी20 विश्व कप 2026 के बीच कैसी है टीमों की आईसीसी रैंकिंग, कहां हैं सेमीफाइनल में जाने वाली 4 टीमें
संपादक की पसंद