1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अर्जेंटीना की जर्सी में आखिरी बार उतरेंगे लियोनेल मेसी, भारत में कब, कहां और कैसे देख पाएंगे LIVE

अर्जेंटीना की जर्सी में आखिरी बार उतरेंगे लियोनेल मेसी, भारत में कब, कहां और कैसे देख पाएंगे LIVE

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 06, 2026 08:07 am IST,  Updated : Oct 06, 2026 08:07 am IST

लियोनेल मेसी अर्जेंटीना की जर्सी में अपना आखिरी मुकाबला खेलने उतरेंगे। ब्यूनस आयर्स के एस्टाडियो मॉन्यूमेंटल में अर्जेंटीना का सामना बेनिन से होगा।

Lionel Messi- India TV Hindi
लियोनेल मेसी Image Source : AFP

फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक लियोनेल मेसी जब ब्यूनस आयर्स के मशहूर एस्टाडियो मॉन्यूमेंटल में मैदान पर उतरेंगे, तो यह सिर्फ एक दोस्ताना मुकाबला नहीं होगा। अर्जेंटीना की जर्सी में यह मेसी का आखिरी मैच होगा। बेनिन के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में हजारों दर्शक स्टेडियम में और लाखों फैंस स्क्रीन के सामने अपने चहेते स्टार को आखिरी बार अर्जेंटीना के लिए खेलते देखेंगे। 39 साल के मेसी ने अर्जेंटीना के साथ करीब दो दशक के अपने शानदार सफर में वह सब हासिल किया, जिसका सपना कोई भी फुटबॉलर देख सकता है। अब उनके विदाई मैच के साथ अर्जेंटीना फुटबॉल में एक युग का अंत होने जा रहा है।

वर्ल्ड कप से कोपा अमेरिका तक

मेसी ने अर्जेंटीना को 2022 में वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया। इसके अलावा उन्होंने टीम के साथ 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका का खिताब जीता। 2022 में फाइनलिसिमा और 2008 बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल भी उनके नाम रहा। मेसी 125 गोल के साथ अर्जेंटीना के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। मेसी ने अगस्त 2005 में हंगरी के खिलाफ दोस्ताना मुकाबले से अर्जेंटीना के लिए डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने खुद को देश के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल किया। 2016 में कोपा अमेरिका फाइनल में चिली के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार के बाद उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल लिया और नेशनल टीम में वापसी की।

मेसी के बाद कौन संभालेगा कमान?

मेसी के विदाई मैच के साथ अर्जेंटीना के सामने अब एक नए दौर की शुरुआत की चुनौती भी होगी। 8 बार के बैलन डी'ओर विजेता ने टीम को जिस ऊंचाई तक पहुंचाया है, उसे बनाए रखना आसान नहीं होगा। हालांकि, अर्जेंटीना के फैंस को भरोसा है कि मेसी के बाद भी टीम के पास आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त प्रतिभा मौजूद है। बेनिन के खिलाफ मुकाबले में मेसी के लंबे समय के साथी रोड्रिगो डी पॉल और जियोवानी लो सेल्सो भी टीम का हिस्सा होंगे। 2022 वर्ल्ड कप जीतने वाली अर्जेंटीना की टीम के कई पूर्व खिलाड़ी भी मेसी के आखिरी इंटरनेशनल मुकाबले के गवाह बनने के लिए स्टैंड्स में मौजूद रहेंगे।

भारत में कब और कहां देख पाएंगे LIVE

मेसी ने टीम के साथ ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है और वह अर्जेंटीना की जर्सी में आखिरी बार मैदान पर उतरकर अपने फैंस एक और यादगार पल देना चाहेंगे। भारतीय फुटबॉल फैंस 7 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे से मुकाबला का लुत्फ उठा पाएंगे। भारत में  डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।

यह भी पढ़ें:

कुमकुम मोहोद ने 17 साल की उम्र में रचा इतिहास, रिकर्व महिला व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली बनी पहली खिलाड़ी

कमबैक हो तो ऐसा! 6-7 से पिछड़ने के बाद अमन सहरावत ने पलटा पासा, भारत की झोली में डाला 20वां गोल्ड मेडल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।