टिम सीफर्ट और फिन एलन ने मिलकर तोड़े पार्टनरशिप के सभी रिकॉर्ड, T20 वर्ल्ड कप में रच दिया नया इतिहास
T20 वर्ल्ड कप का 11वां मैच न्यूजीलैंड और यूएई के बीच खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट के बीच 175 रन की पार्टनरशिप हुई।
Tim Seifert & Finn Allen Record Partnership: T20 वर्ल्ड कप 2026 का 11वां मैच न्यूजीलैंड और यूएई के बीच खेला गया। इस मैच में कीवी टीम ने 174 रन के टारगेट को हासिल करते हुए यूएई को 10 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही कीवी टीम ने इस वर्ल्ड कप में लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट के बीच पहले विकेट के लिए 175 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के साथ ही कीवी टीम के सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर एक नया इतिहास रच दिया है।
टिम सीफर्ट और फिन एलन ने मिलकर तोड़ा बटलर-हेल्स का रिकॉर्ड
175 रन की ये पार्टनरशिप टी20 वर्ल्ड कप में यह किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इस तरह सीफर्ट और फिन एलन ने मिलकर T20 World Cup के इतिहास के पार्टनरशिप के पुराने सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने का रिकॉर्ड जोस बटलर और एलेक्स हेल्स के नाम दर्ज था। दोनों ने 2022 के टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में भारत के खिलाफ 170 रनों की नाबाद साझेदारी की थी। उनके बीच ये पार्टनरशिप पहले विकेट के लिए हुई थी।
इसके बाद नाम लिस्ट में साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और राइली रूसो का आता है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 168 रनों की पार्टनरशिप की थी। इस लिस्ट में अब चौथे नंबर पर श्रीलंका के महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा का नाम है। उन्होंने 2010 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी की थी। वहीं अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान के बीच 2024 टी20 वर्ल्ड कप में युगांडा के खिलाफ 154 रन की साझेदारी हुई थी। उनका नाम पांचवें नंबर पर है।
यूएई ने पहले बैटिंग करते हुए बनाए थे 173 रन
इस मैच की बात करें तो यूएई की टीम के कप्तान मुहम्मद वसीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम ने 6 विकेट खोकर 173 रन बनाए। इस दौरान टीम के कप्तान मुहम्मद वसीम और आलीशान शराफू ने अर्धशतक लगाया। लेकिन इस स्कोर को फिन एलेन और टिम सीफर्ट ने बौना साबित कर दिया। दोनों ने 15.2 ओवर में 175 रन बनाकर मैच को न्यूजीलैंड की झोली में डाल दिया।
यह भी पढ़ें
श्रीलंका टीम की बढ़ी मुसीबत, T20 World Cup से बाहर हुआ मैच विनर खिलाड़ी
रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने की कगार पर, UAE के बल्लेबाज का अनोखा कारनामा
