A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: भारत के ग्रुप में हो सकती हैं ये टीमें, फिर होगा पाकिस्तान से मुकाबला!

ODI World Cup 2027: भारत के ग्रुप में हो सकती हैं ये टीमें, फिर होगा पाकिस्तान से मुकाबला!

वनडे विश्व कप क्रिकेट अगले साल होगा। इसकी तैयारी जारी है। इस बीच लगता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच एक और महामुकाबला इस टूर्नामेंट में खेला जाएगा। उम्मीद है कि दोनों टीमों को आईसीसी एक ही ग्रुप में रखेगा।

india vs pakistan- India TV Hindi
Image Source : AP भारत बनाम पाकिस्तान

वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी इस वक्त चल रही है। जो टीमें सीधे क्वालाफाई नहीं कर पाएंगी, उनके बीच अभी क्वालीफायर राउंड चल रहे हैं, जिसकी अंक तालिका काफी रोचक हो चली है। इस बीच अभी तक ना तो इसका शेड्यूल आईसीसी ने घोषित किया है और ना ही ये बताया है कि कौन सी टीम इस ग्रुप में रहेगी। इससे पहले जो कुछ हुआ है, उससे अंदाजा जरूर लगाया जा सकता है कि जब अगले साल विश्व कप होगा, तो उसमें कौन कौन सी टीमें भारत के ग्रुप में होंगी। साथ ही ​बड़ा सवाल ये भी है कि क्या भारत और पाकिस्तान को आईसीसी फिर से एक ही ग्रुप में रखेगा। 

साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में खेलेंगी कुल मिलाकर 14 टीमें

आईसीसी पहले ही ऐलान कर चुका है कि साल 2027 के वनडे विश्व कप में कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टॉप 8 टीमें तो आईसीसी वनडे रैंकिंग से सीधे आ जाएंगी, वहीं बाकी टीमों का फैसला क्वालीफायर राउंड के बाद होगा। जो 14 टीमें अगले साल का विश्व कप खेलेंगी, उनके लिए दो ग्रुप बनाए जाएंगे। यानी सात टीमें एक साथ होंगी। इनके लिए ग्रुप ए और ग्रुप बी बनाए जाएंगे। पहले जो होता आया है, उसके आधार पर समझा जा सकता है कि आईसीसी ग्रुप में टीमों का विभाजन आईसीसी रैंकिंग या फिर यूं कहें की सीडिंग के हिसाब से करता है। ताकि कोई भी एक ग्रुप ज्यादा भारी ना हो जाए और दूसरा हल्का ना रहे। दोनों में संतुलन यानी बैलेंस बना रहे। 

टीम इंडिया आईसीसी की वनडे रैंकिंग में इस वक्त पहले नंबर पर

वैसे तो आईसीसी ने पहले ही तय किया है कि 31 मार्च 2027 को जो वनडे की रैंकिंग होगी, उसके बाद टीमों का ऐलान किया जाएगा। लेकिन आने वाले वक्त में बहुत ज्यादा बदलाव आईसीसी रैंकिंग में नहीं होगा। यानी टीमें एक दो पायदान आगे या फिर पीछे जाएंगी। इस बीच टीम इंडिया आईसीसी वनडे रैंकिंग में इस वक्त नंबर एक पर है। इस बात की संभावना बहुत कम है कि 31 मार्च 2027 तक भारतीय टीम इससे नीचे जाएगी। अगर पुराने पैटर्न पर नजर डालें तो पता चलता है कि भारत एक ग्रुप का नेतृत्व करेगा, संभव है कि वो ग्रुप ए ही होगा। 

भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकती है वनडे विश्व कप 2027 में टक्कर

अब सवाल है कि भारत के ग्रुप और कौन कौन सी छह टीमें हो सकती हैं। सबसे बड़ा सवाल ये है कि पाकिस्तान को क्या भारत के ही ग्रुप में रखा जाएगा। इसकी संभावना बहुत ज्यादा है। आपको हम पहले ही बता चुके हैं कि पहले राउंड के बाद जब टॉप 6 टीमें सुपर 6 में जाएंगी तो टीमें अपने ग्रुप की टीम से दोबारा मैच नहीं खेलेंगी। इस बात का डर रहेगा कि अगर सुपर 6 तक पाकिस्तानी टीम नहीं पहुंची तो भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला नहीं हो पाएगा। इसलिए माना जा रहा है कि आईसीसी भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखने का अहम फैसला कर सकती है। 

भारत पाकिस्तान मैच से जुड़ा होता है रेवेन्यू का मामला

भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखने का बड़ा कारण रेवेन्यू होता है। ब्रॉडकास्टर चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के एक ही ग्रुप में रहें, ताकि हर किसी भी नजर इस मुकाबले पर रहे, इससे जबरदस्त रेवेन्यू बनता है, जो किसी और मैच से नहीं होता। कभी कभी कभी तो किसी भी टूर्नामेंट का फाइनल भी भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पीछे रह जाता है। 

पाकिस्तान के अलावा न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका भी भारत के ग्रुप में आ सकती हैं

पाकिस्तान की टीम आईसीसी वनडे रैंकिंग में इस वक्त नंबर चार पर है। इस बीच टॉप की टीम सीधे चौथे नंबर की टीम से खेले, ये भी ठीक नहीं होगा। ऐसे में बैलेंस बनाने के लिए दूसरे नंबर की टीम भी भारत के ग्रुप में आ सकती है, जो इस वक्त न्यूजीलैंड की है। इस बार का विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामी​बिया में होने जा रहा है। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीमें पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। नामीबिया को लेकर अभी फैसला होना है। यानी एक मेजबान देश भारत के ग्रुप में रहेगा। इस बात की संभावना है कि ये जिम्बाब्वे की टीम हो सकती है। अगर नहीं तो फिर साउथ अफ्रीका की टीम आ सकती है। इसके अलावा श्रीलंका और अफगानिस्तान में से एक एशियाई टीम भी भारत के ग्रुप में नजर आ सकती है। 

क्वालीफाई करके आने वाली टीम को भी मिलेगा भारत से खेलने का मौका

अभी कई टीमों के नाम फाइनल नहीं हैं, जो विश्व कप खेलेंगी। अगर नीदरलैंड और स्कॉटलैंड ने इसके लिए क्वालीफाई किया तो इनमें से भी एक टीम का आना करीब करीब पक्का है। यानी अगर इस तरह से अंदाजा लगाएं तो भारत के ग्रुप में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड में एक टीम और क्वालीफायर की एक और टीम हो सकती है। हालांकि अभी पक्का कुछ भी नहीं है। अगले साल अप्रैल में हो सकता है आईसीसी की ओर से इस बारे में ऐलान किया जाएगा। आपको याद दिला दें कि अगले साल अक्टूबर से लेकर नवंबर तक वनडे विश्व कप का आयोजन किया जाना है। जिसमें अभी काफी वक्त बाकी है। 

यह भी पढ़ें 

ODI World Cup 2027: विश्व कप में एंट्री को लेकर फंसा पेच, कौन सी 4 टीमें निकल गई आगे

ODI World Cup 2027: कब फाइनल होंगे विश्व कप खेलने वाली टीमों के नाम, ICC Rankings से सीधी एंट्री

Latest Cricket News