वनडे विश्व कप 2027 अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इस बीच जो अपडेट आ रहे हैं, वो अपने आप में हैरान करने वाले हैं। आईसीसी वनडे विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी मेजबान देश को ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा हो, लेकिन इस बार जो समीकरण बन रहे हैं, वो कुछ इसी ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि अभी काफी वक्त बाकी है, लेकिन खास बात ये है कि टीम को मेजबान होकर भी मेहमान जैसा संघर्ष करना पड़ रहा है और नामीबिया की जगह अभी तक वनडे विश्व कप में पक्की नहीं हो पाई है।
साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को डायरेक्ट एंट्री, नामीबिया को क्यों नहीं मिली जगह
दरअसल हमने आपको पहले भी बताया है कि अगले साल होने वाला वनडे विश्व कप की मेजबानी तीन देश मिलकर कर रहे हैं। इसमें साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया का नाम शामिल है। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने तो अपनी सीट पक्की कर ली है, लेकिन नामीबिया का संघर्ष अभी जारी है। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे आईसीसी के फुल मैंबर हैं, लिहाजा उन्हें डायरेक्ट एंट्री मिली है, लेकिन नामीबिया एसोसिएट मैंबर है, इसलिए उन्हें क्वालीफाई करके आना होगा। अभी जो क्वालीफायर खेले जा रहे हैं, उसमें नामीबिया की हालत बहुत पतली है। ऐसा नहीं लग रहा है कि टीम शामिल हो पाएगी, लेकिन अभी उसके लिए रास्ते बंद नहीं हुए हैं। टीम को एक और चांस मिलेगा, लेकिन अगर वो भी टीम चूकी तो फिर खेल खत्म हो जाएगा। अभी तक वनडे विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है कि कोई मेजबान देश ही विश्व कप ना खेल रहा हो।
नामीबिया की हालत इस वक्त काफी खराब
नामीबिया आईसीसी का एसोसिएट मैंबर है, इसलिए उसे लीग 2 और क्वालीफायर खेलकर अपनी जगह पक्की करनी होगी। नामीबिया का हाल खराब है। लीग 2 की ताजा अंक तालिका पर नजर डालें तो पता चलता है कि वो अभी छठे स्थान पर है। टीम ने अब तक 25 मैच खेल लिए हैं और उसमें से केवल 9 में जीत मिली है ओर 15 में हार चुकी है। यानी टीम के पास 19 अंक हैं। टीम का नेट रन रेट भी माइनस में है।
बॉटम 4 में रह सकती है नामीबिया की टीम
आपको बता दें कि इसमें यूएसए, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड्स और ओमान की टीमें टॉप 4 में हैं। नंबर चार की टीम ओमान के पास भी 27 अंक हैं। यानी नामीबिया की टीम उससे भी आठ अंक कम चल रही है। जो टीमें बॉटम चार में रहेंगी, वो फिलहाल आगे नहीं जा पाएंगी। टीम के लिए अब सीधे एंट्री करना तो बहुत ज्यादा मुश्किल है, लेकिन नामीबिया के लिए एक और चांस जरूर रहेगा। उसे क्वालीफायर प्ले-ऑफ खेलना होगा।
आज स्कॉटलैंड से होगा नामीबिया का मुकाबला
अब आप सोच रहे होंगे कि ये क्वालीफायर प्ले-ऑफ आखिर क्या है। तो आपको बता दें कि ये चैलेंजर्स लीग की उभरती हुई टीमों के बीच खेला जाता है। यहां नामीबिया को जर्सी और पीएनजी जैसेी नई टीमों से मुकाबला करना होगा। इस दूसरे चांस में भी अगर नामीबिया की टीम जीत दर्ज नहीं कर पाई तो फिर उसे वनडे विश्व कप 2027 से बाहर होना ही पड़ेगा। आज ही यानी 6 अप्रैल को नामीबिया का मुकाबला स्कॉटलैंड से है, अगर टीम आज जीती तो उसके आगे जाने की संभावना रहेगी, लेकिन आज की हार टीम को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए काफी होगी।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 Playoff Scenario: कितने मैच जीतकर टीम करेगी प्लेऑफ में क्वालीफाई, अभी बन रहे हैं ये समीकरण
तीन मैच हार चुकी CSK के लिए आई गुड न्यूज, टीम कब खेलेगी अपना अगला मुकाबला
Latest Cricket News