A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Orange Cap: संजू सैमसन की दूसरी धमाकेदार सेंचुरी, ऑरेंज कैप पर भी ठोकी दावेदारी

Orange Cap: संजू सैमसन की दूसरी धमाकेदार सेंचुरी, ऑरेंज कैप पर भी ठोकी दावेदारी

आईपीएल में ऑरेंज कैप की रेस और भी दिलचस्प होती जा रही है। संजू सैमसन ने कमाल का खेल दिखाते हुए अपनी भी दावेदारी पेश कर दी है। सीएसके की ओर से खेलते हुए उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ धमाकेदार शतक लगाया।

sanju samson- India TV Hindi
Image Source : AP संजू सैमसन

आईपीएल में जहां एक ओर टीमें एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं, वहीं बल्लेबाज भी रनों के लिए जोरआजमाइश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप दी जाती है। इस बार अभी तक तो इस पर अभिषेक शर्मा का कब्जा है, लेकिन इस बीच संजू सैमसन ने दूसरी सेंचुरी ठोककर अपनी दावेदारी भी पेश कर दी है। अब ऑरेंज कैप की रेस और भी दिलचस्प होती जा रही है। 

अभिषेक शर्मा ने अब तक आईपीएल में बनाए हैं सबसे ज्यादा रन

इस वक्त इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा रन सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं। उन्होंने 7 मैच खेलकर 323 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। उनका औसत 53.83 का है और वे 215.33 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। इस लिस्ट में दूसरा नाम भी सनराइजर्स हैदराबाद के ही बल्लेबाज का है। हेनरिक क्लासेन ने 7 मैच खेलकर 320 रन अब तक बना लिए हैं। उनका औसत 53.33 का है और 153.11 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। यानी पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज के बीच ज्यादा अंतर नहीं है। 

संजू सैमसन ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर पहुंचे

इस बीच सेंचुरी लगाने के बाद संजू सैमसन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। अब तक सात मैच खेलकर संजू ने 293 रन पूरे कर लिए हैं। उनका औसत 58.60 का है और वे 178.66 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस बीच शुभमन गिल नंबर चार पर चले गए हैं। उन्होंने अब तक 265 रन बनाए हैं। इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी भी पीछे रह गए हैं। वैभव ने अब तक 254 रन सात मैच खेलकर बनाए हैं। 

संजू ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ ठोकी धमाकेदार सेंचुरी

संजू सैमसन ने गुरुवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के​ खिलाफ 54 बॉल पर 101 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 6 छक्के ठोके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 187.04 का रहा। आने वाले दिनों में ऑरेंज कैप की रेस और भी दिलचस्प हो सकती है। बड़ी पारी खेलकर कोई भी बल्लेबाज अचानक टॉप 5 में एंट्री कर सकता है। 

विराट कोहली के पास टॉप 5 में आने का मौका

इस बीच विराट कोहली टॉप 5 से बाहर हो गए हैं, लेकिन वे जल्द ही फिर से इसमें एंट्री कर सकते हैं। विराट कोहली ने अब तक 6 मैच खेलकर 247 रन बनाए हैं। उनका औसत करीब 50 का है और वे 150 से भी अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं। आज कोहली गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने उतरेंगे, जहां उनके पास फिर से टॉप 5 में वापसी का मौका होगा।

यह भी पढ़ें 

IPL Points Table: CSK ने जीत के साथ मारी लंबी छलांग, 3 टीमों को हुआ नुकसान

MI vs CSK: मुंबई इंडियंस को IPL में मिली सबसे बड़ी हार, सीएसके के खिलाफ 103 रनों से गंवाया मुकाबला

Latest Cricket News