1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑरेंज कैप की रेस में वैभव सूर्यवंशी छूट गए पीछे, दो बल्लेबाज पहुंचे 600 के पार

ऑरेंज कैप की रेस में वैभव सूर्यवंशी छूट गए पीछे, दो बल्लेबाज पहुंचे 600 के पार

IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों का नाम टॉप-2 में मौजूद हैं। वहीं इस लिस्ट में विराट कोहली टॉप-5 से बाहर हो गए हैं।

Shubman Gill & Sai Sudharsan- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभमन गिल & साई सुदर्शन

आईपीएल 2026 का 66वां मैच गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इस मैच से पहले तक राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की लिस्ट में टॉप पर थे, लेकिन अब वह तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। वहीं गुजरात टाइटंस के दो बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन का नाम टॉप-2 में शामिल हो गया है। ये दोनों ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस सीजन 600 से अधिक रन बनाए हैं।

साई सुदर्शन के पास है ऑरेंज कैप 

आईपीएल के जारी सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज फिलहाल साई सुदर्शन हैं। उन्होंने इस आईपीएल सीजन में अब तक 14 मैचों की 14 पारियों में 638 रन बनाए हैं और उनका नाम लिस्ट में टॉप पर है। वहीं दूसरे नंबर पर सुदर्शन के साथी खिलाड़ी और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल का नाम है। गिल ने भी इस सीजन अब तक 13 मैच खेले हैं और वहां उन्होंने अब तक 13 पारियों में 616 रन बनाए हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने चेन्नई के खिलाफ मैच में ही 600 रन का आंकड़ा पार किया है।

लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंचे वैभव सूर्यवंशी

राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम तीसरे नंबर पर है। सूर्यवंशी ने इस सीजन अब तक 13 मैच खेले हैं और उनके बल्ले से 579 रन आए हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के धाकड़ बल्लेबाज मिचेल मार्श का नाम अब चौथे नंबर पर है। उन्होंने 13 मैचों में इस सीजन अब तक 563 रन बनाए हैं। वहीं इस लिस्ट में SRH के हेनरिक क्लासेन लिस्ट में पांचवें नंबर पर है। उनके बल्ले से इस सीजन 13 मैचों में 555 रन आए हैं।

विराट कोहली टॉप-5 से हुए बाहर

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में विराट कोहली, केएल राहुल जैसे बल्लेबाज टॉप-5 से बाहर हो गए हैं। ऑरेंज कैप की इस लिस्ट में विराट छठे नंबर पर हैं। उन्होंने 13 मैचों में 542 रन स्कोर किए हैं। वहीं सातवें नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल का नाम मौजूद है। वह 13 मैचों में 533 रन बनाने में कामयाब हो पाए हैं। वहीं इतने ही मैचों में 507 रनों के साथ अभिषेक शर्मा इस लिस्ट में आठवें नंबर पर हैं।

यह भी पढ़ें

IPL के इतिहास में पहली बार 'धोनी विहीन' रहा CSK का पूरा सीजन, टूट गया करोड़ों फैंस का दिल

गिल-सुदर्शन ने रचा इतिहास, IPL इतिहास में इस मामले में बन गई नंबर-1 ओपनिंग जोड़ी

Latest Cricket News