बाबर आजम समेत कई स्टार खिलाड़ी पाकिस्तान टीम से बाहर, 6 नए चेहरे शामिल, जानें किसे बनाया कप्तान?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कई बड़े नाम शामिल नहीं हैं।
PAK vs BAN: T20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बदलाव की बयार साफ नजर आ रही है। बड़े नामों पर गाज गिरी है और युवा और नए चेहरों को मौका दिया गया है। दरअसल, पाकिस्तान ने बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी ODI टीम का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए 15 खिलाड़ी चुने हैं। तीन मैचों की ODI सीरीज 11 से 15 मार्च के बीच बांग्लादेश में खेली जाएगी और सभी मुकाबले ढाका के शेरे-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। टीम की कमान एक बार फिर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को सौंपी गई है।
6 अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका
इस टीम में 6 ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिन्हें अब तक ODI डेब्यू का मौका नहीं मिला। इनमें अब्दुल समद, माज सदाकत, मोहम्मद गाजी घोरी, साद मसूद, साहिबजादा फरहान और शमील हुसैन का नाम शामिल है। इनमें से अब्दुल समद, माज सदाकत, साद मसूद और शामिल हुसैन हाल ही में पाकिस्तान शाहीन टीम के साथ अबू धाबी में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेले थे। युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाकर टीम मैनेजमेंट भविष्य की रणनीति साफ कर चुका है।
बाबर आजम और सैम अय्यूब बाहर
सबसे चौंकाने वाला फैसला यह रहा कि स्टार बल्लेबाज बाबर आजम, फखर जमां और सैम अय्यूब को ODI टीम से बाहर कर दिया गया है। तेज गेंदबाज नसीम शाह का नाम भी टीम में शामिल नहीं है। T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम नॉकआउट की दौड़ में पिछड़ गई और सुपर-8 में ही टीम का बोरिया बिस्तर बंध गया। टूर्नामेंट में बाबर आजम बल्ले से बुरी तरह फ्लॉप रहे। लगातार धीमी पारियों और दबाव में रन न बना पाने की वजह से लगातार आलोचना का सामना करना पड़ा। ऐसा माना जा रहा है कि बाबर आजम को T20I में खराब प्रदर्शन के चलते ODI टीम से बाहर कर दिया गया है।
बता दें, बाबर आजम ने अपनी आखिरी ODI सीरीज पिछले साल नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में खेली थी। उस सीरीज में उनके बल्ले से एक नाबाद शतक भी आया था। हालांकि, उस प्रदर्शन को नजरअंदाज करते हुए PCB ने शायद T20 वर्ल्ड कप के खराब प्रदर्शन को देखते हुए बाबर आजम को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेट कीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा और शमील हुसैन।
PAK vs BAN ODI सीरीज का फुल शेड्यूल
- 11 मार्च - पहला ODI, ढाका
- 13 मार्च - दूसरा ODI, ढाका
- 15 मार्च - तीसरा ODI, ढाका
यह भी पढ़ें
हार्दिक पांड्या दूसरे सेमीफाइनल में कर सकते हैं खास कारनामा, केएल राहुल को पीछे छोड़ने का मौका
