1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार्दिक पांड्या दूसरे सेमीफाइनल में कर सकते हैं खास कारनामा, केएल राहुल को पीछे छोड़ने का मौका

हार्दिक पांड्या दूसरे सेमीफाइनल में कर सकते हैं खास कारनामा, केएल राहुल को पीछे छोड़ने का मौका

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Mar 03, 2026 10:11 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 10:11 pm IST

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड से होगी। इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या 23 रन बनाते ही एक खास लिस्ट में केएल राहुल को पीछे छोड़ देंगे।

Hardik Pandya- India TV Hindi
हार्दिक पांड्या Image Source : AP

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर दोनों टीमों के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका होगा। वहीं टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के पास टी20 इंटरनेशनल में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा। वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में केएल राहुल को पीछे छोड़ सकते हैं। इस वर्ल्ड कप में अभी तक हार्दिक ने गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दिया है।

हार्दिक पांड्या के पास केएल राहुल को पीछे छोड़ने का मौका

हार्दिक पांड्या इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में 23 रन बनाते ही केएल राहुल को सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ देंगे। हार्दिक पांड्या भारत की ओर टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अभी पांचवें नंबर पर मौजूद हैं। हार्दिक ने इस फॉर्मेट में अब तक 136 मुकाबलों में 2243 रन बनाए हैं। वहीं, केएल राहुल 72 मुकाबलों में 2265 रन बनाकर लिस्ट में चौथे नंबर पर मौजूद हैं। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मैच में अगर हार्दिक 23 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह इस लिस्ट में केएल राहुल से आगे निकल जाएंगे।

टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

भारत की ओर से टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम है। इस फॉर्मेट में रोहित अपने करियर के दौरान 159 मुकाबलों में कुल 4231 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। हिटमैन के बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम है। कोहली ने अब तक 125 मुकाबलों में 137 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4188 रन बनाए हैं। टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार 3261 रनों के साथ सूची में तीसरे नंबर पर काबिज हैं। सूर्या इस वर्ल्ड कप में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

सेमीफाइनल में हार्दिक को दिखाना होगा दम

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को सेमीफाइनल मैच में गेंद और बल्ले दोनों से ही दम दिखाना होगा। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में अब तक खेले गए 7 मैचों में 6 विकेट चटकाए हैं। वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए हैं। बड़ी टीमों के खिलाफ अभी तक उनका बल्ला नहीं गरजा है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में शानदार प्रदर्शन करके उनके पास टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचाने का शानदार मौका होगा।

यह भी पढ़ें

पहले सेमीफाइनल के लिए क्या होगी साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI? टीम में हो सकते हैं तीन-तीन बदलाव

वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला टीम का एक और बड़ा कारनामा, इस नामचीन अवॉर्ड के लिए पहली बार हुई नॉमिनेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल