एशिया कप 2025 के 15वें मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया। इस मैच में पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 134 रन का टारगेट था। टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 18 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की टीम के लिए यह सुपर-4 में पहली जीत है। वहीं श्रीलंका के लिए यह सुपर-4 में लगातार दूसरी हार है। इन दो हार के साथ अब उनके लिए फाइनल का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है।
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद नवाज और हुसैन तलत ने की अच्छी बल्लेबाजी
134 रन के टारगेट का पीछा कर रही पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने अच्छी शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 45 रन की पार्टनरशिप हुई। पहला विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। फरहान 15 गेंदों में 24, और फखर 19 गेंदों में 17 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद सैम अयूब 2 और सलमान आगा 5 रन बनाकर चलते बने। एक वक्त पाकिस्तान की टीम 80 के स्कोर पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। लेकिन अंत में हुसैन तलत (नाबाद 32) और मोहम्मद नवाज (नाबाद 38 रन) की जोड़ी ने पाकिस्तान को जीत दिला दी। श्रीलंका के लिए तीक्ष्णा और हसरंगा ने दो-दो विकेट लिए।
कामिंडु मेंडिस की अर्धशतकीय पारी गई बेकार
इससे पहले टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 133 रन बनाने में कामयाब रही। श्रीलंका की शुरुआत इस मैच में बिल्कुल भी अच्छी नहीं हुई। 18 के स्कोर पर टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मेंडिस इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए और गोल्डन डक बनाकर चलते बने। वहीं निसंका 7 गेंदों में 8 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद कुसल परेरा 15 और चरिथ असलंका 20 रन बनाकर आउट हुए, ये दोनों ही बल्लेबाज अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। श्रीलंका के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कामिंडु मेंडिस रहे, उन्होंने 44 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। लोअर आर्डर में वानिंदु हसरंगा 13 गेंद में 15 और चमिका करुणारत्ने 21 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें
श्रेयस अय्यर अभी नहीं खेल पाएंगे टेस्ट मुकाबले, वेस्टइंडीज सीरीज से भी रहेंगे बाहर
दासुन शनाका ने T20 इंटरनेशनल में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 5 बल्लेबाजों को एक साथ पछाड़ा
Latest Cricket News