1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एक्शन मोड में PCB, जिम्बाब्वे के गेंदबाज के खिलाफ ले सकता है लीगल एक्शन, IPL के लिए PSL को छोड़ने का किया फैसला

एक्शन मोड में PCB, जिम्बाब्वे के गेंदबाज के खिलाफ ले सकता है लीगल एक्शन, IPL के लिए PSL को छोड़ने का किया फैसला

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने स्क्वॉड में शामिल किया। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में केकेआर ने अपनी टीम में शामिल किया है।

Blessing Mujarbani- India TV Hindi
Image Source : AP ब्लेसिंग मुजरबानी

IPL 2026 के शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल किया है। केकेआर ने उन्हें मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। देश में हुए विवाद के बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। मगर अब कोलकाता ने उनकी जगह ब्लेसिंग मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल किया है।

मुजरबानी ने PSL छोड़कर IPL में खेलने का किया फैसला 

मुजरबानी को अपने स्क्वॉड में शामिल करके केकेआर ने पाकिस्तान में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब ब्लेसिंग मुजरबानी के खिलाफ लीगल एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है। दरअसल केकेआर में शामिल होने से पहले पाकिस्तान सुपर लीग की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुजरबानी को शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया था। अब जब उन्हें केकेआर से खेलने का मौका मिला तो ब्लेसिंग मुजरबानी ने तुरंत पाकिस्तान सुपर लीग को छोड़ आईपीएल में खेलने के लिए तैयार हो गए।

PCB ले सकता है मुजरबानी के खिलाफ लीगल एक्शन

जियो सुपर की एक रिपोर्ट के मुताबिक PCB अब 29 वर्षीय मुजरबानी के खिलाफ लीगल एक्शन लेने का प्लान बना रहा है। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल को छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया है। पिछले साल भी साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही किया था। 2025 में पेशावर जाल्मी ने बॉश को डायमंड प्लेयर के तौर पर चुना था। लेकिन बाद में वह बतौर रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर मुंबई इंडियंस की टीम में जुड़ गए थे।

टी20 वर्ल्ड कप में ब्लेसिंग मुजरबानी का प्रदर्शन रहा था शानदार

ब्लेसिंग मुजरबानी इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में खेलते हुए नजर आए थे और वहां उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मैचों में 13 विकेट चटकाए थे और वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज में 4 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 तक पहुंचने में कामयाब रही थी। अब आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स उनसे ऐसे ही धाकड़ प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

यह भी पढ़ें

सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी ने एडन मार्करम को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, अगले सीजन के लिए बनाया कप्तान

'अगर मैं होता तो खेल भावना को पहले रखता'- बांग्लादेशी कप्तान के साथ रनआउट विवाद पर बोले सलमान अली आगा

Latest Cricket News