पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने धमाकेदार अंदाज में 41 रनों से यूएई को हरा दिया है और सुपर-4 में एंट्री कर ली है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रन बनाए। इसके बाद यूएई की टीम टारगेट को चेज नहीं कर पाई और पूरी टीम सिर्फ 105 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए फखर जमां और अबरार अहमद ने कमाल का खेल दिखाया और जीत में अहम रोल अदा किया। हारने के बाद यूएई की टीम एशिया कप 2025 से बाहर हो गई और वह अगले राउंड में नहीं पहुंच पाई।
यूएई के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
यूएई की टीम के लिए अलीशान शराफू (12 रन) और मुहम्मद वसीम (14 रन) बड़ी शुरुआत नहीं दिला पाए। इसके बाद मुहम्मद जोएब भी चार बनाकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तानी स्पिनर्स के सामने यूएई के बल्लेबाज जूझते हुए नजर आए। बाद में राहुल चोपड़ा (25 रन) और ध्रुव पाराशर (20 रन) ने कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश की। लेकिन इन दोनों के आउट होते ही यूएई की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। अबरार ने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं सलमान अली आगा और सैम अयूब के खाते में एक-एक विकेट गया। इन गेंदबाजों की वजह से ही यूएई के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए।
फखर जमां ने लगाया अर्धशतक
पाकिस्तान की शुरुआत बहुत ही खराब रही, जब ओपनर सैम अयूब लगातार तीसरे मैच में अपना खाता तक नहीं खोल पाए। इसके बाद साहिबजादा फरहान भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद फखर जमां ने 36 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान सलमान अली आगा ने 27 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया। इसके बाद शाहीन अफरीदी ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और उन्होंने 14 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही पाकिस्तानी टीम 146 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई।
जुनैद सिद्दीकी ने हासिल किए चार विकेट
यूएई की टीम के लिए जुनैद सिद्दीकी ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनके अलावा सिमरजीत सिंह ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इन प्लेयर्स ने पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया।
यह भी पढ़ें:
Asia Cup 2025 के सुपर-4 के लिए इतनी टीमें हुईं तय, पाकिस्तान की एक बार फिर भारत से होगी भिड़ंत
10 चौके और 4 छक्के, इस खिलाड़ी ने खेली तूफानी पारी; इंग्लैंड को दिलाई दमदार जीत
Latest Cricket News