1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान करेगा श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी, वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का भी हुआ ऐलान

पाकिस्तान करेगा श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी, वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का भी हुआ ऐलान

पाकिस्तान अपने घर पर इंग्लैंड और श्रीलंका की वनडे ट्राई सीरीज में मेजबानी करेगी, जिसमें यह सीरीज 9 अक्टूबर से खेली जाएगी। वहीं पाकिस्तान इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ घर पर 2 टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलेगी।

Pakistan Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान क्रिकेट टीम।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 19 अगस्त को श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी करने को लेकर वनडे ट्राई सीरीज के अलावा टेस्ट सीरीज के शेड्यूल का भी ऐलान कर दिया है। पाकिस्तानी टीम जो अभी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है वह घर पर पहले 9 अक्टूबर से श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी जिसके खत्म होने के बाद वह 18 अक्टूबर से वनडे ट्राई सीरीज खेलेगी जिसमें इंग्लैंड के अलावा तीसरी टीम श्रीलंका का होगी। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए यह ट्राई सीरीज तीनों टीमों के लिए तैयारियों के नजरिए से काफी अहम मानी जा रही है। वहीं इसके खत्म होने के बाद पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ घर पर 9 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा संस्करण का भी हिस्सा है।

रावलपिंडी और लाहौर में होंगे टी20 और वनडे ट्राई सीरीज के मैच

पीसीबी ने शेड्यूल का ऐलान करने के साथ वेन्यू का भी खुलासा कर दिया जिसमें श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले 9, 11 और 13 अक्टूबर को रावलपिंडी के मैदान पर खेले जाएंगे। वहीं इसके बाद 18 अक्टूबर से वनडे ट्राई सीरीज का आगाज होगा जिसमें पहले तीन मुकाबले रावलपिंडी में ही खेले जाएंगे तो वहीं उसके बाद फाइनल सहित बचे चार मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे जिसमें खिताबी मुकाबला 31 अक्टूबर को खेला जाएगा। वनडे ट्राई सीरीज में तीनों टीमों को दूसरी टीम के खिलाफ 2-2 मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा।

पाकिस्तान का श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज का शेड्यूल

  • पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - 9 अक्टूबर को पहला टी20 मैच (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)
  • पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - 11 अक्टूबर को दूसरा टी20 मैच (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)
  • पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - 13 अक्टूबर को तीसरा टी20 मैच (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)

वनडे ट्राई सीरीज का शेड्यूल

  • पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - 18 अक्टूबर को पहला वनडे (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)
  • पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड - 20 अक्टूबर को दूसरा वनडे (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)
  • श्रीलंका बनाम इंग्लैंड - 22 अक्टूबर को तीसरा वनडे (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम)
  • पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड - 25 अक्टूबर को चौथा वनडे (गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
  • पाकिस्तान बनाम श्रीलंका - 27 अक्टूबर को 5वां वनडे (गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
  • श्रीलंका बनाम इंग्लैंड - 22 अक्टूबर को छठा वनडे (गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
  • फाइनल - 31 अक्टूबर (गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)

श्रीलंका रावलपिंडी और लाहौर में खेलेगी टेस्ट मुकाबले

वनडे ट्राई सीरीज खत्म होने के बाद श्रीलंका की टीम पाकिस्तान की मेजबानी में दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलेगी, जिसके तैयारी के लिए उसे तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला खेलने का भी मौका मिलेगा जो इस्लामाबाद में होगा। वहीं इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा।

ये भी पढ़ें

टेस्ट की पहली ही बॉल पर पहला विकेट गिरा, कपिल देव के 43 साल पुराने इतिहास की बराबरी

WTC Points Table में बढ़ा टीम इंडिया का PCT, लेकिन रैंकिंग में क्यों नहीं हुआ इजाफा

Latest Cricket News