पाकिस्तान की टीम आगामी एशिया कप 2025 से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए यूएई में इस समय टी20 ट्राई सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में पाकिस्तान की टीम ने जीत हासिल की थी, लेकिन तीसरे मैच में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के चलते पाकिस्तान टीम की एशिया कप से पहले उनकी तैयारियों को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं। अफगानिस्तान टीम ने इस मुकाबले में 20 ओवर्स में 169 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 151 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।
अफगान स्पिनर्स के आगे ढेर हुए पाकिस्तानी बल्लेबाज
अफगानिस्तान टीम के लिए इस मुकाबले में मिली जीत में उनके स्पिनर्स ने अहम भूमिका अदा की। अफगान टीम के कप्तान राशिद खान के अलावा अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी और नूर अहमद तीनों ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा तेज गेंदबाज फजहलक फारुकी भी 2 विकेट लेने में कामयाब रहे। पाकिस्तानी टीम की पारी को लेकर बात की जाए तो उसमें उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें सैम अयूब जहां खाता भी नहीं खोल सके तो वहीं कप्तान सलमान अली आगा के बल्ले से सिर्फ 20 रनों की पारी देखने को मिली। पाकिस्तानी टीम ने एक समय 75 के स्कोर तक अपनी आधी टीम गंवा दी थी। नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे हारिस रऊफ ने नाबाद 34 रनों की पारी खेलने के साथ अपनी टीम के लिए इस मुकाबले में हार का अंतर जरूर थोड़ा कम किया।
सेदिकुल्लाह अटल और जादरान ने बल्ले से दिखाया कमाल
इस मुकाबले में अफगानिस्तान टीम की तरफ से बल्लेबाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें सेदिकुल्लाह अटल ने जहां 45 गेंदों में 64 रनों की पारी खेली तो वहीं इब्राहिम जादरान के बल्ले से 45 गेंदों में 65 रनों की पारी देखने को मिली। इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई जिसके दम पर अफगान टीम 169 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। अफगानिस्तान की टीम इस मुकाबले में जीत के बाद अब प्वाइंट्स टेबल में भी चार अंकों के साथ पहले नंबर पर पहुंच गई है।
ये भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका ने अंग्रेजों को दिखाए तारे, आठ साल बाद हुआ ऐसा कारनामा
अंग्रेजों ने अपने ही घर में कटाई नाक, 50 साल बाद इस स्टेडियम पर होना पड़ा शर्मसार
Latest Cricket News