England vs South Africa ODI: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हाल खराब हैं। टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला वनडे मैच खेलने के लिए मैदान में उतरी, लेकिन ऐसा लगा कि ये टी20 मैच है। टीम बहुत छोटे से स्कोर पर आउट हो गई, जबकि उस वक्त काफी ओवर बचे हुए थे। वो तो कहो कुछ बल्लेबाजों की मदद से टीम ने 100 का आंकड़ा पार कर लिया। लीड्स में वनडे खेलते हुए इंग्लैंड का ये दूसरा सबसे छोटा स्कोर है।
इंग्लैंड की टीम केवल 131 रन बनाकर हो गई आउट
इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज हो चुका है। पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया। इसमें इंग्लैंड की टीम केवल 131 रन पर ही आउट हो गई। टीम इस दौरान 24.3 ओवर ही बल्लेबाजी कर पाई। इससे पहले लीड्स का सबसे छोटा स्कोर 93 रन था, जो टीम ने साल 1975 में बनाया था। यानी पूरे 50 साल बाद अंग्रेजों को लीड्स के मैदान में शर्मसार होना पड़ा है। हालांकि इससे पहले टीम ने साल 2003 में यहां पर चार विकेट पर 81 रन बनाए थे, लेकिन ये मैच पूरा नहीं हो पाया था, इसलिए इसे अधूरा ही माना जाएगा। जब टीम का स्कोर 81 रन था, तब तक टीम 16.3 ओवर ही खेल पाई थी।
केवल जेमि स्मिथ ने लगाया अर्धशतक
इंग्लैंड की बल्लेबाजी का आलम ये था कि केवल एक ही बल्लेबाज 50 का आंकड़ा पार कर पाया। सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान में उतरे जेमि स्मिथ ने 48 बॉल पर 54 रनों की एक ठीकठाक पारी खेली। उनके बाद दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 15 रन था, जो जॉस बटलर ने बनाए। बाकी कई बल्लेबाज तो सिंगल डिजिट स्कोर पर ही आउट हो गए। दो बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए, यानी वे अपना खाता नहीं खोल पाए।
केशव महाराज ने चटकाए चार विकेट
दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने कमाल की गेंदबाजी की। टीम ओर से केशव महाराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट अपने नाम किए। उन्होंने केवल 5.3 ओवर की गेंदबाजी में 22 रन देकर चार खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। वियान मुल्डर ने भी तीन विकेट चटकाए। नांद्रे बर्गर और लुंगी एंगिडी को एक विकेट मिला। इंग्लैंड का इतने छोटे स्कोर पर आउट होना बता रहा है कि टीम इस सीरीज को शायद गंभीरता से नहीं ले रही है।