1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नेपाल के खिलाफ हारने से बाल-बाल बची पाकिस्तान टीम, रोमांचक मैच में आखिरी बॉल पर मिली जीत

नेपाल के खिलाफ हारने से बाल-बाल बची पाकिस्तान टीम, रोमांचक मैच में आखिरी बॉल पर मिली जीत

पाकिस्तान शाहीन अभी ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही टॉप एंड टी20 सीरीज में खेल रही है, जिसमें नेपाल के खिलाफ मुकाबले में उन्हें जीत हासिल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Pakistan Shaheens vs Nepal- India TV Hindi
Image Source : CAN/X पाकिस्तान शाहीन बनाम नेपाल

ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही टॉप एंड टी20 सीरीज में 22 अगस्त को डार्विन के मैदान पर पाकिस्तान शाहीन और नेपाल की टीम के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान शाहीन टीम जीत हासिल करने में कामयाब तो हुई लेकिन उसके लिए उसे मुकाबले की आखिरी गेंद तक इंतजार करना पड़ा। पाकिस्तान शाहीन टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 144 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद टारगेट का पीछा करते हुए नेपाल की टीम 20 ओवर्स में 143 रनों का स्कोर बना सकी और उसे एक रन से मैच में हार का सामना करना पड़ा।

कप्तान रोहित की पारी गई बेकार, दीपेंद्र सिंह भी नहीं दिला सके जीत

पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ मुकाबले में नेपाल की टीम जब 145 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 6 के स्कोर पर कुशल भुर्तेल के रूप में गंवा दिया। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे नेपाल टीम के कप्तान रोहित पौडेल ने आसिफ शेख के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी करने के साथ टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का प्रयास किया। इसी बीच आसिफ 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए तो वहीं 61 के स्कोर पर नेपाल ने गुलशन झा के रूप में अपना चौथा विकेट गंवा दिया। रोहित को यहां से दीपेंद्र सिंह का साथ मिला जिसमें दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी होने से नेपाल की टीम मुकाबले में पूरी तरह से हावी हो गई थी।

नेपाल टीम के कप्तान रोहित पौडेल अहम समय पर 44 गेंदों में 52 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए। यहां से दीपेंद्र सिंह ने टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का प्रयास किया जिसमें 19वें ओवर तक नेपाल की टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 137 रन बना लिए थे और आखिरी 6 गेंदों में उन्हें जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 8 रनों की दरकार थी।

आखिरी ओवर का कुछ ऐसा रहा पूरा रोमांच

इस मुकाबले के आखिरी ओवर को लेकर बात की जाए तो उसमें पाकिस्तान शाहीन टीम की तरफ से गेंदबाजी करने स्पिनर फैजल अकरम आए जिनकी पहली गेंद पर कुशल मल्ला ने एक रन बनाया और दीपेंद्र सिंह को स्ट्राइक दे दी। दूसरी गेंद पर दीपेंद्र ने तीन रन बनाए और अब नेपाल को जीत के लिए चार गेंदों में 4 रनों की दरकार थी। तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कुशल मल्ला अपना विकेट गंवा देते हैं।

वहीं इसके बाद चौथी गेंद जो आरिफ शेख ने खेली उसपर कोई रन नहीं आता है। पांचवीं गेंद पर आरिफ एक रन लेने में कामयाब हो जाते हैं। अब नेपाल को एक गेंद पर जीत के लिए तीन रन बनाने थे। फैजल अकरम की इस गेंद पर दीपेंद्र सिंह ने रिवर्स स्वीप शॉट तो खेला लेकिन बाउंड्री पर उसे पकड़ लिया गया और नेपाल की टीम सिर्फ एक रन ही बना सकी जिसके चलते उसे इस मैच में एक रन से हार का सामना करना पड़ा। दीपेंद्र सिंह ने इस मुकाबले में 21 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली।

ये भी पढ़ें

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लगेगा बहुत बड़ा झटका, आईसीसी रैंकिंग में होगा भयंकर उलटफेर

धमाकेदार T20 लीग के प्लेऑफ के वेन्यू का हुआ ऐलान, दूसरी बार इस शहर में खेला जाएगा फाइनल

Latest Cricket News