ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले से पाकिस्तानी टीम का मैच रद्द, अबु धाबी में होना था मुकाबला
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर क्रिकेट पर भी पड़ रहा है। UAE में पाकिस्तानी टीम का क्रिकेट मैच रद्द हो गया है।
ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले से मिडिल-ईस्ट में अफरा-तफरी मची हुई है। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखने लगा है। अबू धाबी में खेले जाने वाले पाकिस्तान शाहीन और इंग्लैंड लायंस के बीच दूसरा 50 ओवर का मुकाबला सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने ये जानकारी दी। पाकिस्तान शाहीन और इंग्लैंड लायंस के बीच यह मैच आज यानी 1 मार्च को अबू धाबी के ओवल स्टेडियम में होना था, लेकिन हालात को देखते हुए इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया। यह निर्णय इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB की सलाह पर लिया गया है।
खिलाड़ियों को होटल में रहने की सलाह
सुरक्षा स्थिति को देखते हुए आज कोई अभ्यास सत्र भी आयोजित नहीं किया जाएगा। टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ फिलहाल होटल में ही रहें। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बोर्ड टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के लगातार संपर्क में है और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।
एयरस्पेस खुलने का इंतजार
PCB ने यह भी बताया कि जैसे ही मिडिल-ईस्ट का एयरस्पेस दोबारा खुलता है, तो बोर्ड यह फैसला करेगा कि शाहीन टीम को पाकिस्तान वापस बुलाया जाए या फिर मौजूदा सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए सीरीज जारी रखी जाए। PCB और ECB के बीच लगातार बातचीत हो रही है और बदलते हालात की नियमित समीक्षा की जा रही है।
अन्य सीरीज पर भी संकट
गौरतलब है कि इस महीने संयुक्त अरब अमीरात में अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच T20I और ODI सीरीज भी खेली जानी हैं। पहला T20 मुकाबला 13 मार्च को शारजाह में खेला जाएगा। हालांकि, मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव को देखते हुए इस सीरीज के स्थगित होने की आशंका भी जताई जा रही है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका क्रिकेट स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न हो।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर, सनथ जयसूर्या छोड़ेंगे श्रीलंका टीम का साथ, कोच के पद से देंगे इस्तीफा
IND vs WI: भारत के सामने वेस्टइंडीज की कड़ी चुनौती, क्या कोलकाता में बारिश बनेगी विलेन?
